
अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेटर क्रांति गौड़ ने सागर में विद्यार्थियों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ, जिलेभर में चला जागरूकता अभियान
‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान को मिली नई ऊर्जा, स्कूलों से लेकर कलेक्ट्रेट तक आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम
सागर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के विशेष अभियान ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ को मंगलवार को नई ऊर्जा मिली। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश और पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूलों, शासकीय संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर हुए इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, युवाओं, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेटर ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित
अभियान का प्रमुख आकर्षण बण्डा पुलिस अनुभाग के संदीपनी विद्यालय सभागार में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम रहा। यहां भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी क्रांति गौड़ ने विद्यार्थियों से संवाद किया।
उन्होंने कहा कि खेल, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली सफलता की असली कुंजी हैं। नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज के भविष्य को भी प्रभावित करता है। उनके प्रेरणादायी संबोधन के बाद विभिन्न विद्यालयों से आए सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ ली।
अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला क्रिकेट खिलाड़ी की मौजूदगी से विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम ने जिले में चल रहे नशामुक्ति अभियान को एक नई ऊर्जा प्रदान की।
खुरई में निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता
थाना खुरई सिटी द्वारा लाल बहादुर शास्त्री स्कूल में विद्यार्थियों के लिए निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से नशे के दुष्परिणाम और स्वस्थ जीवनशैली का महत्व प्रस्तुत किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन भी किया गया।
बरायठा और मंडी बामौरा में भी जागरूकता कार्यक्रम
थाना बरायठा द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में निबंध प्रतियोगिता आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों और सामाजिक कुरीतियों के संबंध में जानकारी दी गई। वहीं पुलिस चौकी मंडी बामौरा, थाना आगासौद के अंतर्गत विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक नुकसान के बारे में बताया गया।
विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के साथ अपने परिवार और समाज को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का संदेश दिया गया।
कलेक्ट्रेट में 200 नागरिकों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
थाना गोपालगंज और जिला प्रशासन द्वारा जिला कलेक्ट्रेट परिसर में भी व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई के बाद हुए कार्यक्रम में सिटी मजिस्ट्रेट गगन बिसेन, एसडीएम अमन मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर शैलेंद्र द्विवेदी, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय डी.एस. यादव, थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा और नायब तहसीलदार प्रतीक रजक सहित प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, पुलिस स्टाफ और करीब 150 से 200 नागरिक शामिल हुए।
इस दौरान नशामुक्ति संबंधी पम्पलेट वितरित किए











