राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में सागर शहर कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम और गृहमंत्री का पुतला फूंका

राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में सागर शहर कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम और गृहमंत्री का पुतला फूंका
सागर। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की गिरफ्तारी के विरोध में सागर शहर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने कांग्रेस कार्यालय से कोतवाली थाने तक रैली निकालकर नारेबाजी की और नगर पुलिस अधीक्षक को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर लोकतंत्र की रक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की।
प्रदर्शन से पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का पुतला फूंका। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने और देश की जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज, नीट पेपर लीक, भ्रष्टाचार और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण धरना दे रहे थे। इसके बावजूद उन्हें गिरफ्तार किया गया, जो विपक्ष की आवाज को कुचलने का प्रयास है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में बेरोजगारी, नीट पेपर लीक और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर जनता में आक्रोश है। सरकार छात्रों और विपक्ष की आवाज को लाठीचार्ज और गिरफ्तारियों से दबा नहीं सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बनाया जा रहा है और जनता की आवाज उठाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
महेश जाटव ने कहा कि कांग्रेस देश में किसी भी प्रकार का अत्याचार सहन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार संघर्ष करते रहेंगे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।
ज्ञापन में कांग्रेसियों ने राष्ट्रपति से लोकतंत्र की रक्षा के लिए हस्तक्षेप करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ आवश्यक कदम उठाने की मांग की। कार्यक्रम के अंत में संगठन महामंत्री रामकुमार पचौरी ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुकुल पुरोहित, पूर्व विधायक सुनील जैन, रामकुमार पचौरी, नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह, बब्बू यादव, सिंटू कटारे, पुरुषोत्तम मुन्ना चौबे, आशीष ज्योतिषी, अक्षत कोठारी, दीनदयाल तिवारी, राहुल चौबे, रमाकांत यादव, हीरालाल चौधरी, जितेंद्र रोहण, शरद पुरोहित, पप्पू गुप्ता, लीलाधर सूर्यवंशी, हेमराज रजक, वीरेंद्र राजे, नरेंद्र मिश्रा, सागर साहू, चक्रेश रोहित, नीलेश अहिरवार, ताहिर खान, आनंद हैला, चमन अंसारी, राहुल रजक, कुंजीलाल लढ़िया, आनंद अहिरवार, सुनील पाहवा, ऋषभ जैन, महेश अहिरवार, जाहिद ठेकेदार, भैयन पटेल, फिरदौस कुरैशी, सोएब कुरैशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

Read More