नशे से दूरी है जरूरी 2.0 का आठवां दिन: खिलाड़ियों और अधिकारियों की अपील से युवाओं को मिला नशामुक्ति का संदेश

नशे से दूरी है जरूरी 2.0 का आठवां दिन: खिलाड़ियों और अधिकारियों की अपील से युवाओं को मिला नशामुक्ति का संदेश
सागर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के आठवें दिन पुलिस ने जनजागरूकता गतिविधियों के जरिए लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के नेतृत्व में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के दौरान खिलाड़ियों, गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के रिकॉर्ड किए गए संदेशों का सार्वजनिक स्थलों पर प्रसारण किया गया। इन संदेशों के माध्यम से युवाओं से नशे से दूर रहने और शिक्षा, खेल, कौशल विकास तथा सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का जनआंदोलन है। परिवार, स्कूल, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों और युवाओं की सहभागिता से ही नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा यदि शिक्षा, खेल और राष्ट्र निर्माण में लगेगी तो समाज स्वतः नशामुक्त होगा। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज—तीनों को प्रभावित करता है। इससे बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम निरंतर जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता है।
अभियान के तहत सागर पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नशे की लत से बाहर निकलकर नई जिंदगी शुरू करने वाले लोगों की प्रेरणादायक कहानियां भी साझा की जा रही हैं। इन कहानियों के जरिए यह संदेश दिया जा रहा है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, परिवार के सहयोग और समाज के सकारात्मक समर्थन से नशे की लत को हराया जा सकता है।
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस ने आमजन से नशे के खिलाफ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।
सागर पुलिस का यह अभियान लगातार जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ रहा है। पुलिस का मानना है कि समाज के हर वर्ग के सहयोग से नशामुक्त सागर का संकल्प निश्चित रूप से सफल होगा।

Leave a Comment

Read More