
सागर पुलिस ऑफिसर मेस में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर क्रांति गौड़ का सम्मान, युवाओं को दिया नशे से दूर रहने का संदेश
आईजी मिथिलेश कुमार शुक्ला बोले- साधारण परिवार से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना पूरे सागर और प्रदेश के लिए गर्व की बात
सागर। “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत गुरुवार को पुलिस ऑफिसर मेस, सागर में प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी क्रांति गौड़ का पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन मिथिलेश कुमार शुक्ला सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सम्मान किया। इस दौरान क्रांति गौड़ ने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम में आईजी मिथिलेश कुमार शुक्ला, डीआईजी सागर शशीन्द्र चौहान, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदोरिया एवं नरेंद्र सोलंकी सहित पुलिस मुख्यालय स्तर के राजपत्रित अधिकारी, रक्षित निरीक्षक, शहर के थाना प्रभारी तथा 10वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत क्रांति गौड़ और उनके भाई के पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान के साथ हुई। अपने संबोधन में क्रांति गौड़ ने अपने संघर्षपूर्ण जीवन और क्रिकेट सफर को साझा करते हुए कहा कि सफलता एक दिन में नहीं मिलती, बल्कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और धैर्य से हासिल होती है। उन्होंने युवाओं से जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर लगातार प्रयास करने का आह्वान किया।
आईजी बोले- सागर की बेटी की उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गर्व
आईजी मिथिलेश कुमार शुक्ला ने क्रांति गौड़ के परिवार से अपने पुराने संबंधों को याद करते हुए कहा कि साधारण परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना पूरे सागर जिले और मध्यप्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि क्रांति गौड़ का जीवन युवाओं को यह प्रेरणा देता है कि दृढ़ संकल्प और सतत प्रयास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
डीआईजी शशीन्द्र चौहान ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर खेल, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाने की अपील की।
एसपी बोले- उपलब्धियों के बावजूद क्रांति गौड़ की सादगी प्रेरणादायी
एसपी अनुराग सुजानिया ने कहा कि विश्व स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के बावजूद क्रांति गौड़ की सादगी, विनम्रता और शालीनता बेहद प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि उनकी उपलब्धियां और संस्कार युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
क्रांति गौड़ ने साझा किए क्रिकेट करियर के यादगार पल
क्रांति गौड़ ने लॉर्ड्स टेस्ट में भारत की ऐतिहासिक जीत को अपने करियर के सबसे गौरवपूर्ण क्षणों में से एक बताया। उन्होंने लॉर्ड्स के प्रतिष्ठित पवेलियन की गैलरी में पहली भारतीय महिला क्रिकेट खिलाड़ी के रूप में अपना चित्र स्थापित किए जाने की उपलब्धि का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करे और उसे हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करे। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों के सामने सकारात्मक आचरण प्रस्तुत करने की अपील की और कहा कि बच्चे सबसे अधिक अपने माता-पिता से सीखते हैं।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने क्रांति गौड़ का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।











