
5 साल से फरार हत्या का आरोपी गिरफ्तार, गढ़ाकोटा पुलिस ने अवैध शराब और सट्टे पर भी कसा शिकंजा
सागर। गढ़ाकोटा पुलिस ने अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 साल से फरार हत्या के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार में लिप्त 4 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में शराब और बीयर जब्त की है। वहीं, सट्टा खिलाते एक आरोपी को भी रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और एसडीओपी रहली के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह तिवारी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
112 पाव अवैध शराब सहित 4 आरोपी गिरफ्तार
22 और 23 जुलाई को पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की। ग्राम चनौआ निवासी सुंदर कुर्मी के कब्जे से 112 पाव यानी करीब 20.16 लीटर अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 14 हजार 700 रुपये बताई गई है।
इसके अलावा चनौआ खुर्द निवासी सहदेव नामदेव से करीब 3,960 रुपये, मोतीनगर निवासी कमलेश पटेल से करीब 6,800 रुपये और गढ़ाकोटा के किला वार्ड निवासी मुलू उर्फ धरमदास पटेल से 21.18 लीटर शराब और बीयर, जिसकी कीमत करीब 9,520 रुपये है, जब्त की गई। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
सट्टा लिखते आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने गांधी वार्ड गढ़ाकोटा निवासी हरिशंकर कोरी को सार्वजनिक स्थान पर सट्टा लिखते हुए पकड़ा। आरोपी के कब्जे से सट्टा पर्ची और 340 रुपये नकद बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
5 साल से पुलिस को चकमा दे रहा था हत्या का आरोपी
गढ़ाकोटा पुलिस ने गंभीर अपराध में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी गनेश यादव को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी थाना गढ़ाकोटा के अपराध क्रमांक 497/2021 में धारा 307, 294, 34 आईपीसी और बाद में धारा 302 जोड़े जाने के मामले में पिछले 5 वर्षों से फरार था। आरोपी के खिलाफ अन्य मामलों में न्यायालय से स्थायी वारंट भी जारी थे।
लगातार तलाश और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब, सट्टा और गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।











