
मोतीनगर पुलिस की दोहरी कार्रवाई: हत्या के प्रयास के तीन आरोपी गिरफ्तार, जुए के अड्डे पर दबिश देकर 8 आरोपी पकड़े
सागर। थाना मोतीनगर पुलिस ने अपराध एवं अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, वहीं गुलाब बाबा मंदिर के सामने एक मकान में जुआ खेल रहे आठ आरोपियों को भी रंगे हाथों पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से ₹8,320 नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं।
कुल्हाड़ी से महिला पर हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को बीएमसी अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घायल 22 वर्षीय सोना कुर्मी, निवासी ग्राम सोमला के बयान दर्ज किए। महिला ने बताया कि सुमन कुर्मी, सत्तू उर्फ सत्यनारायण कुर्मी और रामकुमार कुर्मी ने उसके साथ गाली-गलौज की और उसे पकड़ लिया। इसी दौरान सुमन कुर्मी ने कुल्हाड़ी से उसके सिर पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों के सामने आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर थाना मोतीनगर में अपराध क्रमांक 812/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट मिलने पर उन्हें जेल भेज दिया गया।
जुआ खेल रहे 8 आरोपी दबोचे
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गुलाब बाबा मंदिर के सामने स्थित एक मकान में कुछ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी। पुलिस को देखकर कुछ आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया गया।
कार्रवाई के दौरान 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से ₹8,320 नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद हुए। आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के नेतृत्व और थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत की टीम द्वारा की गई। पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में अपराधियों, जुआरियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
हत्या के प्रयास के मामले में निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, उप निरीक्षक जयसिंह, सउनि दीपचंद उईके सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जुआ कार्रवाई में निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, सउनि भारत सिंह, प्रधान आरक्षक अरुण दुबे तथा आरक्षक सोमवीर, आतिश, मधुर और पुष्पेन्द्र की सराहनीय भूमिका रही।











