मोतीनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक और आदतन बदमाश 11 माह के लिए जिला बदर, अब तक 13 अपराधियों पर कार्रवाई


थाना मोतीनगर पुलिस की लगातार प्रभावी कार्रवाई

एक और आदतन अपराधी को 11 माह के लिए जिला बदर आदेश का पालन कर जिले की सीमा से किया गया बाहर

थाना मोतीनगर के 13 आदतन अपराधियों पर वर्तमान में प्रभावी है जिला बदर की कार्रवाई

सागर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना मोतीनगर पुलिस द्वारा आदतन एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एक और आदतन अपराधी के विरुद्ध जिला बदर आदेश का प्रभावी पालन कराया गया।

आदतन अपराधी हेमंत अहिरवार पिता बबलू अहिरवार, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्यादीन तिगड्डा, विवेकानंद वार्ड, थाना मोतीनगर विगत कई वर्षों से लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके विरुद्ध वर्ष 2018 से 2025 के मध्य हत्या के प्रयास, मारपीट, बलवा, अवैध हथियार एवं अन्य गंभीर एवं साधारण प्रकृति के कुल 16 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध हैं। उसकी आपराधिक गतिविधियों के कारण क्षेत्र में भय एवं असुरक्षा का वातावरण व्याप्त था तथा आम नागरिक उसके विरुद्ध शिकायत करने एवं न्यायालय में साक्ष्य देने से भी भयभीत रहते थे।

अनावेदक की लगातार आपराधिक गतिविधियों एवं लोकशांति के लिए खतरा बनने के कारण थाना मोतीनगर पुलिस द्वारा उसके विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार कर जिला दण्डाधिकारी, सागर के समक्ष प्रस्तुत किया गया। प्रस्ताव पर विचारोपरांत जिला दण्डाधिकारी महोदय द्वारा आरोपी को 11 माह की अवधि के लिए जिला सागर एवं सीमावर्ती जिलों की राजस्व सीमाओं से निष्कासित किए जाने का आदेश पारित किया गया।

आदेश के पालन में दिनांक 24 जुलाई 2026 को थाना मोतीनगर पुलिस ने आरोपी को जिला बदर आदेश की विधिवत तामील कराते हुए उसे जिला सागर एवं सीमावर्ती जिलों की सीमा से बाहर उत्तर प्रदेश के जिला ललितपुर की सीमा तक छोड़कर निष्कासन आदेश का पालन कराया।

उल्लेखनीय है कि थाना मोतीनगर पुलिस द्वारा आदतन अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। वर्तमान में थाना मोतीनगर क्षेत्र के कुल 13 आदतन अपराधियों पर जिला बदर की कार्रवाई प्रभावशील है, जिनके विरुद्ध समय-समय पर आदेशों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। पुलिस द्वारा इन सभी पर सतत निगरानी रखी जा रही है ताकि वे आदेशों का उल्लंघन न कर सकें और क्षेत्र में कानून व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा बनी रहे।

थाना मोतीनगर पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Comment

Read More