वेयरहाउस में विवाद के बाद युवक की हत्या, 48 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

वेयरहाउस में विवाद के बाद युवक की हत्या, 48 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
सुरखी पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी किया बरामद, आरोपी को न्यायालय में किया पेश
सागर। सुरखी थाना क्षेत्र के शासकीय वेयरहाउस बम्होरी में हुए विवाद के बाद युवक की हत्या के मामले में सुरखी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी बरामद कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे शासकीय वेयरहाउस बम्होरी के कार्यालय में मौजूद भूरे उर्फ कृष्णकुमार शर्मा और भूपेन्द्र शर्मा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को अलग करा दिया, लेकिन कुछ देर बाद आरोपी भूरे लोहे का पाइप लेकर आया और पीछे से भूपेन्द्र शर्मा के सिर पर जोरदार वार कर दिया।
गंभीर रूप से घायल भूपेन्द्र शर्मा को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में बेहतर उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल, भोपाल रेफर किया गया, जहां 23 जुलाई को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में फरियादी पप्पू उर्फ पवन अहिरवार की रिपोर्ट पर सुरखी थाने में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घायल की मृत्यु के बाद प्रकरण में हत्या की धाराएं भी जोड़ दी गईं।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी और एसडीओपी रहली प्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए 24 जुलाई को आरोपी भूरे उर्फ कृष्णकुमार उर्फ कृष्ण स्वरूप शर्मा (32) निवासी ग्राम खुरई थावरी, थाना सुरखी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी बरामद किया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के विरुद्ध पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है। वर्ष 2022 में उसके खिलाफ मारपीट सहित अन्य मामलों में सुरखी थाने में प्रकरण दर्ज हो चुका है।

Leave a Comment

Read More