गौतम बुद्ध नगर से अपहृत 16 वर्षीय नाबालिग बालिका सकुशल बरामद, विनायका पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

गौतम बुद्ध नगर से अपहृत 16 वर्षीय नाबालिग बालिका सकुशल बरामद, विनायका पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सागर। थाना विनायका पुलिस ने अपहरण के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए गौतम बुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश से अपहृत 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में आरोपी 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 8 अप्रैल 2026 को नाबालिग के पिता ने थाना विनायका में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 16 वर्षीय बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 39/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार किए गए प्रयासों के आधार पर नाबालिग की तलाश की। जांच के दौरान पुलिस ने गौतम बुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश स्थित पीएचक्यू कंपनी परिसर से बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी लटकन लोधी पिता शेरन लोधी, उम्र 19 वर्ष को गिरफ्तार किया। आरोपी को धारा 137(2), 96, 64(2)M बीएनएस, 5L/6 पॉक्सो एक्ट तथा 3(1)W(i), 3(2)(v) एससी/एसटी एक्ट के तहत विशेष न्यायालय सागर में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया। वहीं, आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद बरामद नाबालिग बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इस कार्रवाई में एसडीओपी बंडा प्रदीप वाल्मीकि, थाना प्रभारी विनायका उपनिरीक्षक भूपेंद्र विश्वकर्मा सहित प्रधान आरक्षक लोकमन राही, बादल यादव, सौरभ रैकवार, आरक्षक सोमेश मिश्रा, पुष्पेंद्र सेन, महिला आरक्षक रोशनी पांडे, आरक्षक हेमेंद्र सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सागर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी बालक या बालिका के गुम होने अथवा किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल-112 पर सूचना दें। સમય पर दी गई सूचना किसी बच्चे को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

Leave a Comment

Read More