
बस स्टैंड के पास नशे में धुत युवती ने हाथ में बका लेकर मचाया हंगामा, राहगीरों में फैली दहशत
सागर। शहर के गोपालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड के पास रविवार देर रात शराब के नशे में युवक-युवतियों द्वारा हंगामा किए जाने का मामला सामने आया है। इस दौरान एक युवती हाथ में बका लेकर सड़क पर घूमती नजर आई, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक-युवतियों ने सड़क पर जमकर हंगामा किया और राह चलते लोगों के साथ अभद्रता भी की। इसी दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में एक युवती हाथ में बका लहराते हुए दिखाई दे रही है, जबकि उसके साथ मौजूद युवक भी हंगामा करते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद गोपालगंज थाना पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर युवक-युवतियों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा वीडियो की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने बस स्टैंड जैसे व्यस्त क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।











