
छात्रावासों, जेल, धार्मिक स्थलों और औद्योगिक संस्थानों में गूंजा नशामुक्ति का संदेश, सागर पुलिस का अभियान लगातार जारी
सागर। सागर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के 13वें दिन जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन में छात्रावासों, धार्मिक स्थलों, जिला जेल, फैक्ट्रियों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने विद्यार्थियों, श्रमिकों, बंदियों, धार्मिक संस्थाओं से जुड़े लोगों तथा आम नागरिकों से संवाद कर नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी नुकसान की जानकारी दी। लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करें तथा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार या सेवन की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
विभिन्न स्थानों पर नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। युवाओं को खेल, शिक्षा, कौशल विकास और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों ने भी नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सागर पुलिस के इस अभियान में पूर्ण सहयोग का भरोसा जताया।
सागर पुलिस का कहना है कि “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाना और युवाओं को सुरक्षित, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करना है। अभियान जिलेभर में जनभागीदारी के साथ लगातार जारी है।











