देवरी नगरपालिका की महिला कर्मचारी ने मुख्यमंत्री और राज्य महिला आयोग से लगाई गुहार, वेतन-ग्रेच्युटी व मानसिक प्रताड़ना की शिकायत

देवरी नगरपालिका की महिला कर्मचारी ने मुख्यमंत्री और राज्य महिला आयोग से लगाई गुहार, वेतन-ग्रेच्युटी व मानसिक प्रताड़ना की शिकायत
देवरी। सागर जिले की देवरी नगरपालिका में पदस्थ महिला कर्मचारी अनीशा कुरैशी ने सेवानिवृत्ति से ठीक पहले मुख्यमंत्री, राज्य महिला आयोग सहित विभिन्न अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजकर वेतन में महंगाई भत्ता कम दिए जाने, ग्रेच्युटी (उपादान) राशि के भुगतान में विलंब और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत के अनुसार,  अनीशा कुरैशी नवंबर 1999 से देवरी नगरपालिका में सामुदायिक संगठक (संविदा) पद पर कार्यरत हैं। उनकी सेवानिवृत्ति 31 जुलाई 2026 को 62 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर होनी है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार संविदा कर्मचारियों को 62 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर उपादान (ग्रेच्युटी) राशि का भुगतान किया जाता है।
अनीशा कुरैशी का आरोप है कि उन्हें वर्तमान में केवल 38 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जा रहा है, जबकि अन्य कर्मचारियों को 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी ग्रेच्युटी राशि का भुगतान भी लंबित है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत में उन्होंने देवरी नगरपालिका के स्थापना शाखा प्रभारी गजेंद्र सिंह लोधी और उनके सहायक नरेंद्र कुमार दीक्षित पर आरोप लगाया है कि दोनों अधिकारी को गुमराह कर रहे हैं और कई महीनों से उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। उनके अनुसार, इसी कारण उनका वैधानिक भुगतान समय पर नहीं हो पा रहा है।
महिला कर्मचारी ने मुख्यमंत्री, राज्य महिला आयोग और संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए बकाया महंगाई भत्ता, ग्रेच्युटी राशि का शीघ्र भुगतान कराने तथा दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की है।
नोट: यह समाचार शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित अधिकारियों या जिन कर्मचारियों पर आरोप लगाए गए हैं, उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Leave a Comment

Read More