विश्वविद्यालय के कन्या छात्रावास परिसर में महिला अधिकारों एवं सामाजिक सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

विश्वविद्यालय के कन्या छात्रावास परिसर में महिला अधिकारों एवं सामाजिक सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सागर। डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर के कन्या छात्रावास परिसर में महिला अधिकारियों, कर्मचारियों, शोधार्थियों एवं आउटसोर्स महिला कर्मियों के लिए “सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020” के विशेष संदर्भ में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके वैधानिक अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा कार्यस्थल पर उपलब्ध कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूक एवं सशक्त बनाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत उद्बोधन से हुआ। कन्या छात्रावास की मुख्य प्रतिपालिका प्रो. ऋतु यादव ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय अपने महिला कार्यबल की सुरक्षा, सम्मान एवं प्रगति के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने बताया कि श्रम प्रवर्तन अधिकारी का विभाग भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत कार्य करता है, जिसका प्रमुख दायित्व केंद्रीय क्षेत्र के प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों में श्रम कानूनों, नियमों तथा नवीन श्रम संहिताओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। उन्होंने मुख्य वक्ता सुश्री अंकिता शुक्ला का विश्वविद्यालय की महिला कर्मचारियों का मार्गदर्शन करने हेतु समय निकालकर उपस्थित होने के लिए हार्दिक आभार भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता सुश्री अंकिता शुक्ला, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, कार्यालय उप मुख्य श्रम आयुक्त (केन्द्रीय), जबलपुर, ने महिलाओं के श्रम अधिकारों एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने समान कार्य के लिए समान वेतन, सवेतन मातृत्व अवकाश, सीपीग्राम्स (केंद्रीकृत जन शिकायत निवारण और निगरानी प्रणाली) तथा समाधान 2.0 जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध कानूनी एवं प्रशासनिक सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में निवेदिता छात्रावास की प्रतिपालिकाएं डॉ श्वेता शर्मा, डॉ अर्चना वर्मा, डॉ वैशाली यादव, रानी लक्ष्मीबाई छात्रावास की प्रतिपालिकाएं डॉ वंदना राजौरिया, डॉ शिवानी खरे, डॉ मीनाक्षी एवं सरस्वती छात्रावास से डॉ. सुनीत वालिया, असिस्टेंट रजिस्ट्रार ए लक्ष्मी, महिला कर्मचारी, शोधार्थी तथा आउटसोर्स महिला कर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अर्चना वर्मा ने किया तथा डॉ. वैशाली यादव ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

Leave a Comment

Read More