
सागर में कल से दो दिवसीय कहानी लेखन कार्यशाला, देश के नामचीन कथाकार देंगे लेखन के गुर
सागर। महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं और नवोदित लेखकों के लिए सागर में 1 और 2 अगस्त को दो दिवसीय कहानी लेखन कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यशाला मप्र हिन्दी साहित्य सम्मेलन, भोपाल की सागर जिला इकाई के नेतृत्व में पंडित दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन, साहित्य सागर परिवार, गवेषणा मानवोत्थान पर्यावरण जागरूकता समिति एवं होटल वरदान के सहयोग से आयोजित की जा रही है।
सम्मेलन की कार्यकारिणी के सदस्य महेश प्रकाश श्रीवास्तव और जिला इकाई अध्यक्ष आशीष ज्योतिषी ने बताया कि कार्यशाला में चयनित 25 प्रतिभागियों को देश के प्रतिष्ठित कथाकारों द्वारा कहानी लेखन की बारीकियों से अवगत कराया जाएगा। साथ ही प्रतिभागियों को कहानी लेखन का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया जाएगा, ताकि उनकी रचनात्मक क्षमता का विकास हो सके।
कार्यशाला के पहले दिन शाम को विशेष रचनापाठ कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें देश के चर्चित कथाकार डॉ. रेखा कस्तवार, डॉ. शरद सिंह, विवेक मिश्र, डॉ. सरोज गुप्ता, पराग मांदले, नवनीत धगट एवं डॉ. श्रद्धा श्रीवास्तव अपनी चुनिंदा कहानियों का पाठ करेंगे।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने साहित्य प्रेमियों से रचनापाठ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।











