सागर पुलिस कंट्रोल रूम में छह पुलिस अधिकारियों को भावभीनी विदाई, सम्मान समारोह में सेवाओं को किया गया नमन

सागर पुलिस कंट्रोल रूम में छह पुलिस अधिकारियों को भावभीनी विदाई, सम्मान समारोह में सेवाओं को किया गया नमन

सागर। पुलिस कंट्रोल रूम, सागर में शुक्रवार को पुलिस विभाग की गौरवशाली सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए छह पुलिस अधिकारियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  नरेंद्र सोलंकी, उप सेनानी  सूरजमल राजोरिया तथा सहायक सेनानी अमृता दिवाकर ने सेवानिवृत्त अधिकारियों को शॉल, श्रीफल और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में पुलिस कंट्रोल रूम से सेवानिवृत्त उप निरीक्षक दामोदर साहू, उप निरीक्षक (एमटी)  श्याम देव, उप निरीक्षक  मोतीलाल पायरा, सहायक उप निरीक्षक जमुना प्रसाद रजक तथा 10वीं वाहिनी मध्यप्रदेश सशस्त्र बल, सागर से सेवानिवृत्त सहायक उप निरीक्षक  मुनेन्द्र प्रताप एवं प्रधान आरक्षक पुन्नालाल को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक  अनुराग सुजानिया ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारियों ने अपने पूरे सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ कार्य करते हुए विभाग की प्रतिष्ठा बढ़ाई है तथा उनके अनुभव आने वाली पीढ़ी के पुलिसकर्मियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे।
समारोह के दौरान सेवानिवृत्त अधिकारियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए विभाग में बिताए गए अविस्मरणीय पलों को याद किया और वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों एवं अधीनस्थ कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम का माहौल भावुक होने के साथ आत्मीयता और सम्मान से सराबोर रहा।
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक श्री नीतेश वायकर, 10वीं वाहिनी के अधिकारी-कर्मचारी, संबंधित थाना प्रभारियों, पुलिस कंट्रोल रूम एवं रक्षित केंद्र के स्टाफ सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, परिजन, मित्र एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर सेवानिवृत्त अधिकारियों का सम्मान किया और उनके जीवन की नई पारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Comment

Read More