मालथौन अस्पताल को मिली बड़ी सौगात: 2.5 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, डायलिसिस सुविधा शुरू

मालथौन अस्पताल को मिली बड़ी सौगात: 2.5 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, डायलिसिस सुविधा शुरू
मालथौन। खुरई विधायक एवं पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने शनिवार को मालथौन में लगभग 2.5 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 1.75 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त कक्षों और 15 लाख रुपये की लागत से स्थापित डायलिसिस यूनिट का शुभारंभ किया। साथ ही 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन एवं कैंटीन का भूमिपूजन भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि मालथौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है ताकि क्षेत्र के मरीजों को उपचार के लिए सागर या अन्य शहरों का रुख न करना पड़े। उन्होंने बताया कि यह सरकारी क्षेत्र का जिले का पहला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र है, जहां डायलिसिस सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जल्द ही यहां ब्लड बैंक, जन औषधि केंद्र, पार्किंग, प्रतीक्षालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि उनके विधायक बनने के बाद पुराने अस्पताल के स्थान पर 50 बिस्तरों की क्षमता वाला तीन मंजिला अस्पताल बनाया गया। वर्तमान में यहां प्रतिमाह करीब 6 हजार मरीज उपचार के लिए आते हैं, जबकि 200 प्रसव प्रतिमाह कराए जा रहे हैं। अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे, सोनोग्राफी, निःशुल्क पैथोलॉजी जांच, ब्लड जांच और नेत्र परीक्षण जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि डायलिसिस सुविधा शुरू होने से अब किडनी मरीजों को सागर या खुरई नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर निःशुल्क उपचार मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही अस्पताल में ब्लड बैंक भी स्थापित किया जाएगा। डॉक्टरों के आवास, अतिरिक्त एंबुलेंस, सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई को भी मजबूत किया जा रहा है। नगर परिषद के माध्यम से अस्पताल में आठ सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए अस्पताल परिसर में पार्क, कैंटीन, शौचालय, बैठने के शेड और निःशुल्क पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना और आगामी जन औषधि केंद्र के माध्यम से गरीबों को बेहतर और सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस अवसर पर उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ एवं कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए घोषणा की कि उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान मालथौन महोत्सव में किया जाएगा। आशा कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनने का आश्वासन देते हुए उनके लिए रैन बसेरा बनाए जाने की भी घोषणा की।
अटा कर्नैलगढ़ में 30 लाख के विकास कार्यों की सौगात
मालथौन कार्यक्रम के बाद भूपेन्द्र सिंह ने ग्राम पंचायत अटा कर्नैलगढ़ के विभिन्न गांवों में लगभग 30 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। ग्राम मझेरा में सेग्रीगेशन शेड और सीसी रोड का लोकार्पण किया गया, जबकि नेगुंवा और चनारी में नई सीसी सड़कों का भूमिपूजन हुआ।
उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष अटा कर्नैलगढ़ में हाईस्कूल शुरू किया जाएगा तथा ग्राम पंचायत को मालथौन नगर परिषद में शामिल किया जाएगा, जिससे क्षेत्र का विकास और तेज गति से हो सके। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल योजना का कार्य भी अगले वर्ष तक पूरा करने की बात कही।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष जयंत सिंह बुंदेला, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Read More