
भाजपा सदर केंट मंडल की मासिक बैठक संपन्न, हर घर तिरंगा व समरसता कलश यात्रा की तैयारियों पर जोर
सागर। भारतीय जनता पार्टी सदर केंट मंडल की मासिक बैठक गुरुवार को सदर स्थित श्री सिद्धेश्वर मंदिर में आयोजित हुई। बैठक में आगामी संगठनात्मक एवं राष्ट्रीय कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नरयावली विधायक प्रदीप लारिया रहे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में कुश कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रभुदयाल कुशवाहा एवं मंडल प्रभारी संध्या भार्गव उपस्थित रहीं। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सौरभ केसरवानी ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की मंशा के अनुरूप मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर तक बैठकें आयोजित की जा रही हैं, जिससे संगठन को और अधिक मजबूती मिल रही है। उन्होंने बताया कि संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर जिला, मंडल, नगर एवं गांव स्तर पर समरसता कलश यात्रा आयोजित की जाएगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से 9 से 15 अगस्त तक चलने वाले “हर घर तिरंगा” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही 16 अगस्त को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता का आग्रह किया।
मंडल प्रभारी संध्या भार्गव ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों की सफलता के लिए सभी से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक की कार्य प्रस्तावना मंडल अध्यक्ष सौरभ केसरवानी ने रखी। संचालन मंडल महामंत्री मनीष पटेल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन विपिन जाट ने व्यक्त किया।
बैठक में कुश कल्याण समाज के अध्यक्ष प्रभुदयाल कुशवाहा, पूर्व मंडल अध्यक्ष श्यामसुंदर मिश्रा, बलवंत सिंह राठौर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











