
37 साल पुराने मामले में स्थाई वारंटी गिरफ्तार, 2003 से था फरार
सागर। गोपालगंज थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक स्थाई वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2003 में स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था, जबकि मूल मामला वर्ष 1989 का बताया जा रहा है। करीब 23 वर्षों से पुलिस गिरफ्तारी से बच रहे आरोपी को मंगलवार 11 अगस्त 2026 को मकरोनिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय सिंह, निवासी गौरनगर, वर्तमान निवासी शांतिविहार कॉलोनी, रजाखेड़ी मकरोनिया के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ गोपालगंज थाना क्षेत्र में वर्ष 1989 में धारदार हथियार से चोट पहुंचाने और आपराधिक धमकी से संबंधित अपराध दर्ज किया गया था। न्यायालयीन प्रक्रिया के दौरान आरोपी के विरुद्ध स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया, जिसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था।
स्थाई वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम द्वारा आरोपी के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संजय सिंह रजाखेड़ी स्थित शांतिविहार कॉलोनी के पास मौजूद है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी को 11 अगस्त 2026 को दोपहर 1:45 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना आरोपी के परिजनों को दी गई। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा एवं पुलिस टीम द्वारा की गई। कार्रवाई में प्र.आर. 666 कैलाश सेन, आर. 837 दशरथ, आर. 1556 अंकित, आर. 1203 रणबीर, आर. 1276 अंकित, आर. 933 आनंद एवं आर. 219 देवेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं थाना मकरोनिया के आरक्षक शुभम विश्वकर्मा का भी कार्रवाई में योगदान रहा।
पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि लंबे समय से लंबित स्थाई वारंटों की तामीली के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। दशकों पुराने मामले में हुई यह गिरफ्तारी कानून की प्रक्रिया से लंबे समय तक बचते रहने वाले आरोपियों के लिए भी एक महत्वपूर्ण संदेश मानी जा रही है।











