भाजपा के समरसता संकल्प अभियान पर पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी का निशाना


सागर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के नाम पर चलाए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग की राष्ट्रीय सलाहकार परिषद के सदस्य एवं पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
पूर्व मंत्री चौधरी ने आरोप लगाया कि भाजपा का यह अभियान सामाजिक समरसता के बजाय आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायती राज चुनावों को लेकर अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के बीच संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज और संत-महात्माओं के नाम का राजनीतिक उपयोग करने का अभियान है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले भी भाजपा ने गुरु रविदास जी महाराज के मंदिर निर्माण के नाम पर यात्रा का शुभारंभ कर एक मुट्ठी मिट्टी और प्रमुख नदियों का जल लेकर राजनीतिक प्रचार किया था। चौधरी ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में अनुसूचित जाति अंत्यावसायी वित्त विकास निगम के माध्यम से संत रविदास जी महाराज और अन्य संत-महात्माओं के नाम से शुरू की गई योजनाओं को चुनाव के बाद बंद कर दिया गया और अब चुनाव नजदीक आते ही भाजपा को फिर संत रविदास जी महाराज और संत-महात्माओं की याद आने लगी है।
‘एससी-एसटी वर्ग के सम्मान और अधिकारों की रक्षा में सरकार विफल’
सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि संत रविदास जी का संदेश सामाजिक समानता, मानवता, आत्मसम्मान और भेदभाव मुक्त समाज की स्थापना का था। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के साथ अन्याय, अत्याचार और उत्पीड़न की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। साथ ही बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं के साथ तोड़फोड़ एवं छेड़छाड़ की घटनाओं को रोकने तथा दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई करने में भाजपा सरकार असफल रही है।
उन्होंने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में संत रविदास जी और संत-महात्माओं के विचारों का सम्मान करती है तो सामाजिक न्याय, समान अवसर, एससी-एसटी वर्ग की सुरक्षा, शिक्षा, रोजगार और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। केवल चुनाव के समय संतों और महापुरुषों के नाम पर अभियान चलाकर राजनीतिक लाभ लेने की राजनीति बंद होनी चाहिए।
पूर्व मंत्री चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संत रविदास जी महाराज के विचारों, संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्शों तथा सामाजिक न्याय, समानता और बंधुत्व के संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संत-महात्माओं और महापुरुषों के नाम का राजनीतिक उपयोग करने वालों को जवाब देने के लिए कांग्रेस वचनबद्ध है।

Leave a Comment

Read More