विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री की सौगात, 1.22 लाख खातों में पहुंचे ₹304.98 करोड़


सफलता में विनम्र रहें, असफलता से सीखकर आगे बढ़ें विद्यार्थी : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
भोपाल/सागर, 1 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित राज्य स्तरीय ‘प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना’ के राशि अंतरण कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के लगभग 1.22 लाख मेधावी विद्यार्थियों के बैंक खातों में लैपटॉप खरीदने के लिए 304 करोड़ 98 लाख 50 हजार रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। प्रत्येक पात्र विद्यार्थी को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिली।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि वास्तविक सफलता केवल अच्छे अंक या प्रमाण-पत्र हासिल करने में नहीं, बल्कि संस्कार, विनम्रता, अनुशासन और व्यक्तित्व में निहित है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता मिलने पर अहंकार से बचें और असफलता से निराश होने के बजाय उसके कारणों को समझकर उससे सीख लें।
लैपटॉप बनेगा ज्ञान और संभावनाओं का प्रवेश-द्वार
मुख्यमंत्री ने कहा कि लैपटॉप केवल इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं, बल्कि ज्ञान, अनुसंधान, नवाचार और भविष्य की नई संभावनाओं का प्रवेश-द्वार है। विद्यार्थी इसका उपयोग ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल पाठ्य सामग्री, ई-लाइब्रेरी, शोध और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में करें।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी के भीतर कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। जिस तरह मूर्तिकार पत्थर में छिपी मूर्ति को तराशता है, उसी तरह शिक्षक विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा को पहचानकर उनके व्यक्तित्व को निखारते हैं। विद्यार्थियों की सफलता में माता-पिता और शिक्षकों के त्याग, मेहनत और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
75 प्रतिशत या अधिक अंक पाने वाले विद्यार्थियों को लाभ
‘प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना’ के अंतर्गत मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं परीक्षा में प्रथम प्रयास में 75 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25 हजार रुपये की राशि दी जाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी के सपनों में बाधा न बने। विद्यार्थियों को पाठ्य-पुस्तक, गणवेश, साइकिल, स्कूटी, छात्रवृत्ति और लैपटॉप जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
शिक्षा बजट में बड़े प्रावधान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्कूल शिक्षा विभाग के लिए 36,730 करोड़ रुपये, उच्च शिक्षा के लिए 4,247 करोड़ रुपये तथा तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के लिए 2,932 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्कूलों, महाविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों और मेडिकल कॉलेजों का लगातार विस्तार किया जा रहा है। सरकार ने वर्ष 2028 तक प्रदेश में 55 मेडिकल कॉलेज और 10 हजार यूजी सीटों का लक्ष्य निर्धारित किया है।
द्वितीय बोर्ड परीक्षा से विद्यार्थियों को मिला दूसरा मौका
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों के हित में कक्षा 10वीं और 12वीं में द्वितीय मुख्य परीक्षा का अवसर उपलब्ध कराया गया है। इससे विद्यार्थी अपने अंकों में सुधार कर सकते हैं और असफल होने की स्थिति में भी बिना पूरा वर्ष गंवाए दोबारा प्रयास कर सकते हैं।
अब तक 6.5 लाख विद्यार्थियों को मिली सहायता
स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बताया कि प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत अब तक लगभग 6.5 लाख विद्यार्थियों को 1,620 करोड़ रुपये लैपटॉप के लिए दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में पिछले तीन वर्षों से प्रवेश दर में लगातार वृद्धि हो रही है।
मंत्री ने बताया कि प्रदेश में लगभग 18 हजार रिक्त शिक्षक पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी जारी है।
विद्यार्थियों से किया संवाद
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मेधावी विद्यार्थियों से उनके भविष्य के सपनों को लेकर संवाद किया। विद्यार्थियों ने डॉक्टर, राजनेता और अन्य क्षेत्रों में जाकर देश-प्रदेश की सेवा करने की इच्छा व्यक्त की।
एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही छात्रा तन्वी कुमावत ने डॉक्टर बनकर जरूरतमंदों की सेवा करने की इच्छा जताई। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “अगर आज LEARN करेंगे तो कल EARN करेंगे।” उन्होंने कहा कि लैपटॉप विद्यार्थियों की पढ़ाई में महत्वपूर्ण सहायक साबित होगा।
कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक विष्णु खत्री, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. संजय गोयल, आयुक्त लोक शिक्षण अभिषेक सिंह सहित प्रदेशभर से आए मेधावी विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Read More