जिला शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस समन्वय समिति की संयुक्त बैठक संपन्न


अवैध शराब के मुद्दे पर आंदोलन और ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में बड़ी भागीदारी का निर्णय
सागर, 08 सितंबर 2026। जिला शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस समन्वय समिति की संयुक्त बैठक जिला शहर कांग्रेस कार्यालय, गौर मूर्ति तीन बत्ती स्थित राजीव गांधी भवन में आयोजित की गई। बैठक में लाजपतपुरा वार्ड उपचुनाव, जिले में अवैध शराब के विक्रय से हुई मौतों तथा आगामी 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में दोनों विषयों को लेकर आगामी कार्ययोजना तैयार करने का निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि शहर और ग्रामीण कांग्रेस एकजुट होकर मजबूती से कार्य करेगी। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और भाजपा सरकार की कथित नाकामियों को जनता के बीच पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन में बेहतर समन्वय ही कांग्रेस की मजबूती और जीत का आधार बनेगा।
उन्होंने बंडा क्षेत्र में अवैध शराब से हुई मौतों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस त्रासदी को भुलाया नहीं जा सकता। कांग्रेस इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों और जनता के साथ खड़ी है। उन्होंने घटना की जानकारी मिलते ही मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार द्वारा पीड़ितों के बीच पहुंचकर सहयोग करने के लिए आभार व्यक्त किया।
महेश जाटव ने आगामी 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की जानकारी देते हुए जिले से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
वहीं जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह मुहासा ने कहा कि जिले में अवैध शराब के कारण हुई मौतें प्रशासन और सरकार की घोर लापरवाही का परिणाम हैं। कांग्रेस इस मुद्दे को जन-जन तक ले जाएगी और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
उन्होंने कहा कि 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में सागर जिले से हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियां तत्काल प्रभाव से शुरू की जाएंगी।
बैठक में सर्वसम्मति से लाजपतपुरा वार्ड उपचुनाव तथा अवैध शराब के मुद्दे को लेकर आंदोलनात्मक एवं चुनावी कार्ययोजना तैयार करने का निर्णय लिया गया।
बैठक का संचालन संगठन महासचिव रामकुमार पचौरी ने किया, जबकि आभार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष वीरेंद्र राजे ने व्यक्त किया।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष जगदीश यादव, प्रदेश महासचिव रेखा चौधरी, पूर्व सांसद डॉ. आनंद अहिरवार, सुरेंद्र सुहाने, अमित रामजी दुबे, संगठन महासचिव रामकुमार पचौरी, नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह ‘बब्बू’ यादव, महिला कांग्रेस अध्यक्ष किरण लता सोनी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सागर साहू, डॉ. संदीप सबलोक, रमाकांत यादव, पुरुषोत्तम ‘मुन्ना’ चौबे, उपाध्यक्ष आनंद हेला, स्थायी मंत्री दीनदयाल तिवारी, पूर्व कार्यवाहक सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे सहित समन्वय समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Read More