
सागर, 12 सितंबर 2026। 07 एमपी बालिका बटालियन एनसीसी सागर के तत्वावधान एवं कैंप कमांडेंट कर्नल सुजीत देशमुख के नेतृत्व में स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय, सिरोंजा, सागर में आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का उत्साहपूर्ण एवं भव्य समापन सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। शिविर में लगभग 400 बालक एवं बालिका कैडेट्स ने सहभागिता की।
शिविर के दौरान कैडेट्स को अनुशासन, नेतृत्व, खेल, सामाजिक जागरूकता और देश सेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया गया। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से कैडेट्स को अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व निखारने का अवसर मिला।
ग्रुप कमांडर ने किया कैंप का निरीक्षण
11 सितंबर को एनसीसी ग्रुप मुख्यालय सागर के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर विकास बहुगुणा ने प्रशिक्षण शिविर का दौरा किया। इस दौरान कैडेट्स ने उन्हें सलामी दी। ब्रिगेडियर बहुगुणा ने कैडेट्स को शिविर के दौरान अपनी प्रतिभा को निखारने तथा भविष्य में आयोजित होने वाले एनसीसी कैंपों में चयन की प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कैडेट्स को निरंतर मेहनत, अनुशासन और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
खेल प्रतियोगिताओं में कैडेट्स ने दिखाया उत्साह
शिविर के दौरान सीनियर एवं जूनियर वर्ग के कैडेट्स के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें खो-खो, वॉलीबॉल सहित अन्य खेल शामिल रहे। कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया और उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता कैडेट्स को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जीता दिल
समापन अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में समूह गान, समूह नृत्य, नुक्कड़ नाटक, एकल नृत्य और कविता पाठ सहित अनेक आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। कैडेट्स द्वारा सैन्य जीवन और देश सेवा पर आधारित नाट्य मंचन ने उपस्थित लोगों में देशप्रेम, अनुशासन और सत्यनिष्ठा की भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को अतिथियों और उपस्थितजनों की खूब सराहना मिली। पूरे कार्यक्रम में अनुशासन, प्रतिभा और सामाजिक जागरूकता का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
मुख्य अतिथि डॉ. प्रतिभा तिवारी ने अपने संबोधन में कैडेट्स को महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में सभी एएनओ, पीआई स्टाफ, सिविल स्टाफ एवं एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।
यह प्रशिक्षण शिविर युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, खेल भावना, राष्ट्र सेवा और सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ।
फोटो कैप्शन: एनसीसी के दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते कैडेट्स एवं विजेता कैडेट्स को सम्मानित करते अतिथि।











