
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सागर आगमन 24 अप्रैल को, करेंगे विशाल जनसभा को संबोधित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सागर आगमन को लेकर कार्यक्रम प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने पत्रकार वार्ता में दी जानकारी
कार्यक्रम में जनसाधारण को ना हो असुविधा इसलिए कार्यकर्ता कर रहे दिन-रात मेहनत: गोविंद सिंह राजपूत
कार्यक्रम स्थल का मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किया निरीक्षण
सागर दिनांक 22 अप्रैल 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अप्रैल को सागर पधार रहे हैं जिसको लेकर प्रधानमंत्री कार्यक्रम के प्रभारी खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने पत्रकार वार्ता का आयोजन किया जिसमें उन्होंने पत्रकार बंधुओं को जानकारी देते हुए कहा हमें यह बताते हुए बड़ा हर्ष हो रहा है कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सागर संसदीय क्षेत्र में 24 अप्रैल 2024, दिन बुधवार को दोप. 12.00 बजे आगमन हो रहा है। जिससे संपूर्ण संसदीय क्षेत्र में उत्साह का वातावरण तीव्रगति से बढ़ा है। भारतीय जनता पार्टी की जनप्रिय प्रत्याशी डॉ. लता वानखेड़े सुनिश्चित विजयश्री की ओर बढ़ रही है।
इस ऐतिहासिक विशाल जनसभा की तैयारी हेतु 20 से अधिक समितियां गठित की गई है। समिति सदस्यगण दिन-रात तैयारियों में लगे हुए है। कार्यकर्ता एवं समस्त जनप्रतिनिधि घर-घर जाकर पीले चावल देकर मतदाताओं को आमंत्रित कर रहे है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा मकरोनिया नगर पालिका के ग्राम बड़तुमा में आयोजित की जा रही है। यहीं पर संत रविदास का 100 करोड़ का भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है। आयोजन की व्यापक सफलता हेतु विशाल पंडाल का निर्माण दिन-रात हो रहा है। पंडाल में बैठक व्यवस्था हेतु हजारों कुर्सियां रखी जा रही है, ठंडे पानी की व्यवस्था सहित पंडाल का वातावरण ठंडा रहे, इस हेतु कूलर की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन स्थल बड़तुमा राष्ट्रीय राजमार्ग सागर नरसिंहपुर रोड के पास है। यहीं से आवागमन की व्यवस्था रहेगी। पत्रकारों के आवागमन हेतु पृथक से व्यवस्था की गई है। आप सभी से आग्रह है कि विशाल ऐतिहासिक जनसभा के साक्षी बने व कार्यक्रम को सफल बनायें यह बात कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही। पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, इंजी. प्रदीप लारिया, जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया, लोकसभा संयोजक प्रभुदयाल पटेल, लोकसभा सह संयोजक श्याम तिवारी, महापौर संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, पूर्व विधायक पारुल साहू, जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन, मीडिया पैनलिस्ट प्रदीप राजौरिया, सह मीडिया प्रभारी आलोक केसरवानी, मीडिया सहयोग ज्वाला सिंह खटीक उपस्थित रहे।
पत्रकार वार्ता में मंत्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों को पूरा कर सागर महानगरों की सूची में शामिल होने के लिए आतुर है। इसके लिए प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव सहित संपूर्ण कैबिनेट एवं जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। श्री राजपूत ने कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां संपूर्ण भारत को विकसित भारत बनाकर विश्व गुरु बनाने की दिशा में कार्य कर रहे है, वहीं उनके सपनों को मध्यप्रदेश शासन के सहयोग से सागर जिला विकास की दिशा में कार्य करते हुए विकसित सागर बनकर महानगरों की सूची में शामिल होने के लिए आतुर है। मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री का केन बेतवा लिंक परियोजना का सपना जिससे कि सिंचाई की समस्या दूर होगी। साथ में पेयजल की समस्या भी दूर होगी। मंत्री राजपूत ने बताया कि केन बेतवा लिंक परियोजना 44605 करोड़ लागत से तैयार की जा रही है। जिसमें सागर सहित पांच जिलो की 251 लाख हैक्टेयर भूमि सिंचित होगी। उन्होंने बताया कि इसी परियोजना के माध्यम से अन्य जिलों की 451 लाख हैक्टेयर भूमि भी सिंचित होगी। मंत्री श्री राजपूत ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हर गरीब का घर हो योजना के तहत सागर जिले में अभी तक शहरी प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 73000 से अधिक आवास तैयार किया जा रहे हैं। वहीं ग्रामीण प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से 154000 आवास तैयार किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार हमारी माता बहनों की आंखों में आंसू न आए, इसके लिए उन्होंने उज्ज्वला योजना के माध्यम से हर घर में गैस उपलब्ध कराने का संकल्प लिया था जिसके तहत आज सागर जिले में 47000 से अधिक घरों में और उजवला योजना के माध्यम से रसोई गैस उपलब्ध कराई जा रही है। मंत्री राजपूत ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां विकास के लिए कार्य कर रहे हैं, वहीं बेरोजगार युवक युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार संकल्पित है। इसी दिशा में उन्होंने बीना में बीपीसीएल गैस परियोजना में 50000 करोड रुपए का निवेश कराया जिससे लगभग 3 लाख व्यक्तियों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार उपलब्ध होगा। मंत्री श्री राजपूत ने बताया कि हमारी माता बहनों को घर से बाहर पेयजल लेने न जाना पड़े, इसके लिए हर घर जल योजना के माध्यम से शुद्ध पेयजल टोटी के माध्यम से उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किया जा रहे हैं। इसी योजना के तहत 3 लाख 30 हजार 955 परिवारों को हर-घर नल योजना के माध्यम से कनेक्शन उपलब्ध कराए जा रहे है। मंत्री राजपूत में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा विगत दिनों पूज्य संत शिरोमणि रविदास जी के मंदिर के 101 करोड रुपए की लागत से होने वाले निर्माण का भूमि पूजन किया गया था जो कि अभी निर्माणाधीन है। उसका कार्य 30 प्रतिशत से अधिक हो चुका है। शीघ्र ही यह कार्य पूर्ण होगा ।
मंत्री राजपूत ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा मध्यप्रदेश में साथ स्मार्ट सिटी के माध्यम से सात जिलों को विकसित करने की योजना के तहत आज सागर स्मार्ट सिटी के माध्यम से 940 करोड रुपए के माध्यम से कार्य किये जा रहे हैं। जिसमें लाखा बंजारा झील के मध्य यातायात एवं आवागमन को सुचारू एवं सरल बनाने के लिए कोरीडोर तैयार कर प्रारंभ कराया गया है। इसी स्मार्ट सिटी के माध्यम से 50 किलोमीटर सड़के तैयार की गई। दो खेल मैदान अंतर्राष्ट्रीय स्तर के तैयार किए गए हैं। इसी प्रकार नगर निगम की 48 वार्डों में पार्क एवं आंगनबाड़ी तैयार की गई, दो नए बस स्टैंड तैयार किए गए हैं। ट्रांसपोर्ट नगर, इंक्वेशन सेंटर भी तैयार किए गए। मंत्री राजपूत ने बताया कि सागर जिले में ग्रामीण स्व सहायता समूह के 17500 समूह में 2 लाख 8000 महिलाएं आत्मनिर्भर बनते हुए कार्य कर रही है। वहीं शहरी स्व सहायता योजना के माध्यम से 1500 सहायता समूह में 2 लाख 50 हजार महिलाएं कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से सागर जिले के दो लाख 92000 किसानों को 10000 रूपये की किसान सम्मान निधि प्रदान की जा रही है। मंत्री श्री राजपूत ने बताया कि प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के माध्यम से 3052 शालाओं में 2 लाख 20 हजार 965 छात्र छात्राओं को 6191 रसोइयों के द्वारा मध्यान्ह भोजन तैयार कर वितरण किया जा रहा है। मंत्री श्री राजपूत ने बताया कि मध्य प्रदेश शासन के द्वारा सागर जिले की बहु प्रतीक्षित राज्य स्तरीय विश्वविद्यालय की मांग मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के द्वारा पूर्ण करते हुए वीरांगना रानी अवंती बाई विश्वविद्यालय की स्थापना की गई। साथ में आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज भी नए सत्र से प्रारंभ होगा। इसी प्रकार सागर जिले में 295000 शौचालय का निर्माण भी कराया जा रहा है। पत्रकार वार्ता के पश्चात मंत्री राजपूत एवं समस्त विधायक एवं भाजपा पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सभा स्थल का निरीक्षण किया।











