स्वच्छता की गागर -अपनों सागर अभियान से नागरिकों में दिखी स्वच्छता जागरूकता

समाचार

महावीर जयंती शोभायात्रा के अवसर पर आज फिर 1 घंटे में शहर को किया साफ

स्वच्छता की गागर -अपनों सागर अभियान से नागरिकों में दिखी स्वच्छता जागरूकता

श्रीजी शोभायात्रा के दौरान कई स्वागत पंडालों में डिस्पोजल की जगह स्टील के ग्लास उपयोग हुए

सागर/ २१ अप्रैल२४/

भगवान महावीर स्वामी के 2623 वे जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर श्री जी की विमान शोभा यात्रा नमक मंडी स्थित गौराबाई जैन मंदिर कटरा बाजार प्रारम्भ होकर शहर के प्रमुख मार्गो से होती हुई पुन: वापिस गौराबाई मंदिर नमक मंडी कटरा पहुंची। महावीर जयंती शोभायात्रा के इस आयोजन के दौरान नगर निगम के सफाई मित्रों ने आज फिर 1 घंटे में शहर को साफ-स्वच्छ किया। शहर को साफ- स्वच्छ बनाए रखने के लिए स्वच्छता की गागर -अपनों सागर अभियान के तहत नवाचार करते हुवे शोभा यात्रा के आगे और पीछे सफाई मित्रों ने साथ-साथ चलते हुऐ मार्गो की तुरंत सफाई की और अपने नगर को साफ-सुथरा बनाने का संकल्प दोहराया।

50 से अधिक सफाई मित्र और ४ कचरा गाडियां लगी रही मार्गों की सफाई मे
50 से अधिक नगर निगम के सफाई मित्र और ४ कचरा गाडियां शोभा यात्रा के मार्ग को साफ और स्वच्छ बनाने के लिए लगी रही। कुछ सफाई मित्र हाथ में झाड़ू लिए यात्रा के आगे सड़क की सफाई करते चल रहे थे तो शोभा यात्रा के पीछे उससे अधिक संख्या में हाथों में झाड़ू और सफाई सामाग्री लिए सफाई मित्र मौजूद थे जैसे ही किसी स्थान पर शोभायात्रा का स्वागत होता और खीर प्रसादी ,फल, पानी के पाउच,या अन्य खाद्य सामग्री का वितरण किया जाता उसके पश्चात जैसे ही डिस्पोजल सामग्री सड़क पर दिखती तो उसे यह सफाई मित्र तुरंत साफ कर यात्रा के पीछे चल रही कचरा गाड़ी में डाल देते और रोड को साफ -स्वच्छ बना देते।

जुलूस में शामिल नागरिकों की सुविधा के लिए प्रेसर पंप वाहन से पानी का छिड़काव हुआ
इस शोभायात्रा के आगे नगर निगम का स्मार्ट प्रेसर पंप वाहन पानी का छिड़काव करते हुए चल रहा था जिससे सड़क मार्गों की धुलाई होने के साथ-साथ यात्रा में शामिल नागरिकों को भी आराम मिला क्योंकि बहुत से नागरिक बिना जूता-चप्पल के पैदल चल रहे थे।

श्रीजी शोभायात्रा के दौरान कई स्वागत पंडालों में डिस्पोजल की जगह स्टील के ग्लास उपयोग हुए
नगर निगम के नवाचार स्वच्छता की गागर-अपनों सागर अभियान से नागरिकों में स्वच्छता जागरूकता देखने मिली है। महावीर जयंती पर श्रीजी शोभायात्रा के दौरान कई स्वागत पंडालों में डिस्पोजल की जगह स्टील के ग्लास उपयोग हुए। यात्रा में शामिल नागरिकों ने प्यास लगने पर इन स्टील के ग्लासों में पानी पिया और स्वागतकर्ता द्वारा पुनः धोकर उन ग्लासों का उपयोग कई बार दोहराया गया। जिन पंडालों में डिस्पोजल उपयोग हुए वहाँ डस्टबिन की व्यवस्था पहले से की गई। अधिकांश नागरिकों ने डिस्पोजल उपयोग के बाद डस्टबिन में ही डाले।

इस पहल का शोभायात्रा में शामिल और उसे देखने वाले नागरिकों ने किया स्वागत
नगर निगम द्वारा शोभा यात्राओं के दौरान मार्गो की तुरंत सफाई करने के लिए शुरू की गई इस पहल का नागरिकों ने स्वागत किया है और पिछले दिनों निकली राम नवमी की शोभा यात्रा के बाद यह दूसरा अवसर है जब श्री जी की शोभायात्रा के दौरान नगर निगम के सफाई मित्रों ने शहर की 1 घंटे में सफाई कर उदाहरण प्रस्तुत किया है।
यहां उल्लेखनीय है कि इस नवाचार के पूर्व नगर में जो भी शोभा यात्राएं निकलती थी उनके निकल जाने के बाद बड़ी संख्या में डिस्पोजल कचरा और पानी के खाली पाऊच रोड पर फैल जाते थे और उन्हें नगर निगम की सुबह या शाम की पारी की सफाई के दौरान साफ किया जाता था तब तक वह कचरा रोड पर ही रहता था परंतु इस नवाचार के बाद अब रोड का कचरा तुरंत उठाकर रोड को पूर्ववत साफ सुथरा कर दिया जाता है।

निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री ने कर्मचारियों का किया उत्साहवर्धन
शोभायात्रा के दौरान मार्गों की सफाई कर रहे सफाई मित्रों का नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री ने मौके पर पहुंचकर उत्साहवर्धन किया और लोगों से अपील की कि उन्हें इस पहल से प्रेरित होकर अपने नगर को साफ-स्वच्छ बनाने का संकल्प लेना चाहिए कि हम सड़कों पर कचरा ना फेके और नगर को साफ सुथरा बनाने मे अपनी सहभागिता निभाएं।

Leave a Comment

Read More