रजाखेड़ी के दशहरा मैदान में 61 फीट ऊंचे रावण का दहन एवं भव्य आतिशबाजी रही आकर्षण का केंद्र

रजाखेड़ी के दशहरा मैदान में 61 फीट ऊंचे रावण का दहन एवं भव्य आतिशबाजी रही आकर्षण का केंद्र

(12 हजार से अधिक उमड़ी भीड़ ने महोत्सव का स्वरूप दिया, विधायक लारिया ने उपस्थितों का किया अभिनंदन)

सागर/02.10.2025

देशभर में दशहरा पर्व बड़े ही धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। ये त्यौहार बुराई पर अच्छाई की जीत,अधर्म पर धर्म की विजय एवं अंधकार पर प्रकाश की विजय का सबसे बड़ा प्रतीक माना जाता है।

इसी अनुक्रम में नरयावली विधानसभा के अंतर्गत रजाखेड़ी बजरिया में आयोजित होने वाले परम्परागत भव्य दशहरा उत्सव की अपनी धूम रही। नरयावली विधायक इंजी.प्रदीप लारिया के प्रयासों से वर्ष 2011-12 से प्रारंभ हुआ रजाखेड़ी बजरिया का दशहरा महोत्सव सागर जिले में अपनी अमिट छाप लिए हुऐ है। इस आयोजन में लोग उमंग और उत्साह के साथ शामिल होते हैं।

हर साल की तरह इस बार भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु और दर्शक इस दृश्य के साक्षी बने। परंपरा और आधुनिकता का संगम कहे जाने वाले इस आयोजन में इस बार 12000 से अधिक लोगों ने सहभागिता कर इस महोत्सव को भव्यता प्रदान की।

इस बार रावण का पुतला लगभग 61 फीट ऊंचाई का तैयार किया गया। इसके साथ ही मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतले भी बनाए गए। इन पुतलों में पटाखे और आतिशबाजी की विशेष व्यवस्था की गई। जैसे ही प्रभु श्रीराम ने बाण चलाया पुतलों में धमाकेदार विस्फोट के साथ आग लगी और हजारों लोग इस विहंगम पावन दृश्य के साक्षी बने। ऊंचे रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों के साथ लगभग आधे घंटे की आकर्षक एवं रंग बिरंगी आतिशबाजी होती रही जो बच्चों एवं युवाओं में आकर्षण का केंद्र रही।

रजाखेड़ी के दशहरा मैदान के भव्य दशहरा उत्सव आयोजन में रावण दहन और दशहरा उत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ.लता वानखेड़े, सांसद सागर, अध्यक्षता नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया एवं मिहिलाल, अध्यक्ष नगर पालिका विशिष्ट अतिथि शामिल हुऐ।

शाम 6:30 बजे कार्यक्रम का श्री गणेश, सरस्वती जी एवं श्रीराम दरबार का पूजन कर विधिवत शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर विधायक श्री लारिया ने कहा कि रावण दहन सिर्फ आतिशबाजी और पुतला दहन नहीं है बल्कि यह सत्य की असत्य पर विजय एवं अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक है। रजाखेड़ी बजरिया मैदान में होने वाला यह दशहरा आयोजन इसी संदेश को पुनः स्थापित करता है कि बुराई चाहे कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो अंतत: अच्छाई की जीत होती है।

इस अवसर पर सांसद डॉ.लता बानखेड़े ने कहा कि रजाखेड़ी का दशहरा उत्सव केवल स्थानीय स्तर पर नहीं पूरे जिले की सांस्कृतिक पहचान है। यह आयोजन हमें जीवन में सदाचार और सत्य की राह पर चलने की प्रेरणा देता है।

दशहरा पर्व को आकर्षक बनाने के लिए कार्यक्रम में प्रसिद्ध आर्केस्ट्रा कलाकारों द्वारा मनमोहक भजनों की प्रस्तुति एवं सुनील समैया,बीना की प्रस्तुतियां मंत्र मुग्ध रहीं। आकर्षक आतिशबाजी, क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों से आए अखाड़ा दल का ओजमय प्रदर्शन और श्रीराम जानकी झांकी महोत्सव का प्रमुख केंद्र रहीं।

इस आयोजन की सफलता के लिए मंडल अध्यक्ष,भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, पार्षदगण, नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी एवं नगरवासियों ने अपने श्रम और समर्पण से इस महोत्सव को अपनी ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

Leave a Comment

Read More