
राज्य स्तरीय 69वीं शालेय खेल प्रतियोगिता का मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किया सागर में शुभारंभ
खिलाड़ियों का काम है खेलना, सुविधा उपलब्ध कराना जिम्मेदारी हमारी है: गोविंद सिंह राजपूत
किसी कार्य की ओपनिंग अच्छी होती है तो, समापन भी अच्छा होता है: मंत्री राजपूत
सागर,दिनांक 01 नवंबर 2025। आप सभी खिलाड़ियों का काम खेलने का है। आप सब को सुविधा उपलब्ध कराने का कार्य हमारा और सरकार का है। आपको सभी खेल संबंधी सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार दृंढ़ संकल्पित है।
जिस कार्य का प्रारंभ अच्छा होता है उसका समापन भी बहुत अच्छा होता है यह विचार खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सागर में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित 69वीं शालेय खेल प्रतियोगिता के रंगारंग शुभारंभ कार्यक्रम में व्यक्त किए। 69वीं शालेय खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मंत्री राजपूत ने कहा कि सभी खिलाड़ियों का काम पूरे मनोयोग से परिदृश्य के साथ खेलने का है। उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने का कार्य सरकार का है और सरकार उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए संकल्पित भी है। आप सभी मनोयोग से खेलें, अपने स्कूल, जिले एवं मध्य प्रदेश का नाम रोशन करें।
मंत्री राजपूत ने कहा कि किसी कार्य की जब ओपनिंग अच्छी होती है तो उसका समापन भी अच्छा होता है। आज इस प्रतियोगिता का शुभारंभ भव्य और रंगारंग हुआ है तो समापन भी इसी प्रकार से होगा। उन्होंने कहा कि आपको किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होगी। जिला प्रशासन के निर्देश पर स्कूल शिक्षा विभाग के द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। इसके बाद भी यदि कोई भी समस्या आती है तो आप संबंधित अधिकारियों को बताएं, और यदि वह दूर नहीं होती है तो मुझे बताएं। आपके एक फोन के 10 मिनट में मैं आपके समकक्ष खड़ा मिलूंगा और समस्या का निवारण कराऊंगा। उन्होंने कहा कि सागर जिला हमेशा युवाओं को आगे बढ़ाने का कार्य करता है और आप सभी सागर सहित संपूर्ण मध्य प्रदेश के युवा खिलाड़ी हैं। खूब आगे बढ़ें और अपने मध्य प्रदेश का नाम रोशन करें।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन द्वारा स्वागत भाषण एवं प्रतियोगिता के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि इस प्रतियोगिता में 1000 से अधिक खिलाड़ी एवं अधिकारी शामिल हुए हैं। यह प्रतियोगिता 5 दिन तक चलेगी, जिसमें क्रिकेट एवं एथलेटिक्स के खेल खेले जाएंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने बताया कि प्रतियोगिता में 19 वर्ष बालक-बालिका एथलेटिक्स एवं 17 वर्ष बालिका वर्ग में क्रिकेट के खेल खेले जाएंगे। अरविंद जैन ने बताया कि प्रतियोगिता में सहभागी संभाग भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, जनजाति कार्य विभाग, नर्मदापुरम संभाग, रीवा संभाग, सागर एवं उज्जैन संभाग के लगभग एक हजार से अधिक प्रतियोगी शामिल हो रहे हैं। जैन ने बताया कि क्रिकेट प्रतियोगिता सिटी स्टेडियम एवं विश्वविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित होगी जबकि एथलेटिक्सकी सभी प्रतियोगिताएं खेल परिसर में आयोजित की जाएगी।
मंत्री राजपूत के द्वारा प्रतियोगिता का ध्वजारोहण किया गया एवं प्रतियोगिता को शुभारंभ करने की घोषणा की गई। राष्ट्रीय खिलाड़ी आकर्षिका चैबे के द्वारा शपथ दिलाई गई प्रतियोगिता में आर्मी पब्लिक स्कूल एवं लिटिल स्टार शैलेश मेमोरियल स्कूल की छात्र-छात्राओं के द्वारा आकर्षक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
इस अवसर पर सुखदेव मिश्र,रूपेश यादव, नरेंद्र अहिरवार, पप्पू फुसकेले, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण मृत्युंजय कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन, जिला खेल अधिकारी संजय दादर, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती निगम उत्कृष्ट विद्यालय की प्राचार्य सुधीर तिवारी, अंजना पाठक, कल्पना शर्मा, सविता मिश्रा, रविंद्र खाटोल, मनीष नेमा, शशि भूषण तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं 10 संभागों से आए 1000 से अधिक खिलाड़ी एवं जनरल मैनेजर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।











