
सेंट्रल स्कूल क्र.1 स्थित आरओबी पर शीघ्र होगा आवागमन प्रारंभ, विधायक प्रदीप लारिया के प्रयासों से यह निर्माण पूरा हुआ
(दिसम्बर माह के अंत तक या जनवरी के प्रथम सप्ताह में होगा शुभारंभ)
सागर/12.12.2025
नरयावली विधायक इंजी.प्रदीप लारिया ने शुक्रवार की सुबह केंद्रीय विद्यालय क्र.-1 के समीप स्थित आरओबी के मजबूतीकरण कार्य का निरीक्षण किया।
विधायक प्रदीप लारिया विधानसभा क्षेत्र के इस आरओबी के मजबूतीकरण कार्य के लिए काफी समय से प्रयासरत थे। उन्होंने इस संबंध में कई बार अधिकारियों से मुलाकात की थी और निर्माण कार्य शुरू करने का अनुरोध किया था। उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को भी ध्यान में रखते हुए आरओबी मजबूतीकरण कार्य की आवश्यकता पर बल दिया था। उन्होंने डीआरएम जबलपुर से मुलाकात कर इस आरओबी निर्माण में विलंब के संबंध में आपत्ति दर्ज कराई थी। डीआरएम ने उनकी आपत्ति पर सहमति जताई थी जिसके बाद निर्माण एजेंसी परिवर्तित कर नई निविदाएं जारी की गई फिर उसके उपरांत आरओबी का मजबूतीकरण कार्य प्रारंभ हुआ।
विधायक प्रदीप लारिया के अथक प्रयासों से यह आरओबी दिसंबर माह के अंत में या जनवरी के प्रथम सप्ताह में यातायात के लिए प्रारंभ हो जाएगा। इससे स्थानीय निवासियों को बहुत राहत मिलेगी और उनकी यातायात संबंधी समस्याएं कम होंगी।
विधायक लारिया ने कहा कि यह आरओबी न केवल स्थानीय निवासियों के लिए बल्कि पूरे जिले की संपर्कता के लिए एक महत्वपूर्ण निर्माण कार्य है।











