तिली वार्ड के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल को मिला नया स्वरूप: ₹1 करोड़ की लागत से बन रहा आधुनिक भवन, जून तक होगा पूर्ण – विधायक शैलेंद्र जैन ने किया निरीक्षण

तिली वार्ड के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल को मिला नया स्वरूप: ₹1 करोड़ की लागत से बन रहा आधुनिक भवन, जून तक होगा पूर्ण – विधायक शैलेंद्र जैन ने किया निरीक्षण

सागर। तिली वार्ड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का स्वरूप अब पूरी तरह बदलने जा रहा है। विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने लगभग ₹1 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन नवीन भवन का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य लगभग अंतिम चरण में है और जून माह तक फिनिशिंग पूर्ण कर नए शैक्षणिक सत्र से यहां नियमित कक्षाएं प्रारंभ कर दी जाएंगी।

विधायक जैन ने कहा कि शहर के मध्य स्थित यह शासकीय विद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने बताया कि निजी विद्यालयों की ओर बढ़ते रुझान के बीच यह स्कूल कम संसाधनों में भी बेहतर परीक्षा परिणाम दे रहा है और क्षेत्र के बेटा-बेटियों को अच्छी शिक्षा उपलब्ध करा रहा है।

उन्होंने जानकारी दी कि पूर्व में विद्यालय भवन की कमी के कारण कक्षा 6वीं से 12वीं तक की पढ़ाई दो पालियों में संचालित करनी पड़ती थी, जिससे शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होती थी। विद्यालय परिवार द्वारा अतिरिक्त कक्षों की मांग किए जाने पर उन्होंने इस दिशा में पहल की और मुख्यमंत्री एवं स्कूल शिक्षा मंत्री से ₹1 करोड़ की राशि स्वीकृत करवाई, जिससे नए भवन का निर्माण संभव हो सका।

विधायक जैन ने विश्वास जताया कि नया भवन आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं से युक्त होगा और यह विद्यालय आने वाले समय में एक आदर्श शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित होगा।

निरीक्षण के दौरान नितिन बंटी शर्मा, मनोज चौरसिया, सुशील पांडे, शाला प्राचार्य श्रीमती संध्या गौतम सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Read More