
भूपेंद्र भैया की ब्लड हेल्पलाइन से 7 दिनों में 147 जरूरतमंदों को मिला निःशुल्क रक्त
सागर, 7 जून 2026। पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह के कार्यालय से संचालित रक्त सेवा हेल्पलाइन सेंटर के माध्यम से 31 मई से 6 जून 2026 के बीच सात दिनों में 147 जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराया गया। इस अवधि में प्रतिदिन औसतन 21 मरीजों को रक्त उपलब्ध कराया गया।
हेल्पलाइन सेंटर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 2 जून 2025 को शुरू हुए इस सेवा प्रकल्प के माध्यम से अब तक कुल 1,501 गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराया जा चुका है। सेवा का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और आपात स्थिति में रक्त की आवश्यकता वाले मरीजों को समय पर सहायता प्रदान करना है।
गत सात दिनों में रक्त प्राप्त करने वाले मरीज सागर जिले के विभिन्न क्षेत्रों बंडा, केसली, गौरझामर, गढ़ाकोटा, खुरई, सुरखी, रहली, राहतगढ़, मालथौन, नरयावली, बांदरी, बीना, देवरी, सानौधा, जैसीनगर और दलपतपुर सहित अन्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से थे। इसके अलावा दमोह और बेगमगंज क्षेत्र के मरीज भी इस सेवा से लाभान्वित हुए।
हेल्पलाइन सेंटर का संचालन चौबीसों घंटे किया जाता है ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल सहायता मिल सके। इसके लिए मोबाइल नंबर 9228035418 तथा लैंडलाइन नंबर 262688 पर संपर्क किया जा सकता है। आपात स्थिति में विधायक के मोबाइल नंबर 9425171211 पर कॉल, व्हाट्सएप या एसएमएस के माध्यम से भी संपर्क किया जा सकता है।
रक्त सेवा हेल्पलाइन को जिले में जरूरतमंद मरीजों के लिए एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल माना जा रहा है, जिसके माध्यम से मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध होने के साथ आर्थिक राहत भी मिल रही है।











