लोहे के पाइप से हमला कर युवक की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, सभी आरोपी पुलिस गिरफ्त में

लोहे के पाइप से हमला कर युवक की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, सभी आरोपी पुलिस गिरफ्त में
सागर, 06 जून 2026। थाना मोतीनगर क्षेत्र में संपत्ति विवाद के चलते हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस चर्चित हत्याकांड में नामजद सभी आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं।
पुलिस के अनुसार 2 जून 2026 को मोहन नगर निवासी 80 वर्षीय कमलाबाई सोनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके नाती अतुल जड़िया के साथ संपत्ति विवाद को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि अमित सोनी अपने पुत्रों देव सोनी, देवांश सोनी और दिव्यांश सोनी के साथ घर पहुंचा और विवाद के दौरान अतुल जड़िया को पकड़कर जमीन पर पटक दिया। इसी दौरान देव सोनी ने लोहे के पाइप से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। मामले में थाना मोतीनगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 611/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सागर के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने लगातार कार्रवाई करते हुए पहले तीन आरोपियों और एक विधि-विरुद्ध बालक (नाबालिग) को गिरफ्तार किया। इसके बाद फरार मुख्य आरोपी अमित कुमार सोनी (58 वर्ष) निवासी मोहननगर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही इस हत्याकांड के सभी आरोपी पुलिस गिरफ्त में आ चुके हैं।
सराहनीय भूमिका: इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मोतीनगर निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत सहित उप निरीक्षक पी.डी. ठाकुर, गौरव गुप्ता, लोकेश पटेल, एएसआई माधव सिंह तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment

Read More