24 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा: शराबी बेटे की हत्या करने वाला पिता गिरफ्तार

24 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा: शराबी बेटे की हत्या करने वाला पिता गिरफ्तार
सागर। चौकी बिलहरा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब के नशे में आए दिन विवाद करने वाले बेटे से परेशान होकर पिता ने ही उसकी हत्या कर दी थी।
पुलिस के अनुसार 4 जून 2026 को बिलहरा के खिरका मोहल्ला निवासी जमना अहिरवार ने सूचना दी थी कि उसका 25 वर्षीय पुत्र सोनू अहिरवार घर के आंगन में बनी ढलान पर मृत अवस्था में पड़ा है तथा उसके सिर और माथे से खून निकल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद थाना सुरखी में अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया और तकनीकी व भौतिक साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान मिले तथ्यों और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतक के पिता जमना अहिरवार पर संदेह हुआ। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका पुत्र अक्सर शराब के नशे में घर आता था और परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज तथा मारपीट करता था। इन हरकतों से वह लंबे समय से परेशान था। इसी कारण 3 और 4 जून की दरम्यानी रात उसने कपड़े धोने की मोंगरी (लकड़ी के डंडे) से हमला कर पुत्र की हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले के खुलासे में प्रशिक्षु आईपीएस दीपांशु, चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सत्यव्रत धाकड़, प्रधान आरक्षक महेन्द्र प्रभाकर, आरक्षक कर्मवीर गुर्जर, देवेश कुशवाहा और अंकित हरदहा की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Comment

Read More