
एसपी विशेष शाखा सागर दिनेश कौशल के दोनों बच्चों ने रचा सफलता का इतिहास
:
पुत्र क्षितिज ने आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग पूरी की, पुत्री डॉ. श्रुति ने एमबीबीएस अंतिम परीक्षा उत्तीर्ण कर शुरू की इंटर्नशिप
सागर। मेहनत, लगन और अनुशासन से हासिल की गई सफलता न केवल परिवार, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा बनती है। ऐसा ही गौरवपूर्ण क्षण पुलिस अधीक्षक (विशेष शाखा) सागर दिनेश कौशल के परिवार के लिए आया है, जब उनके दोनों बच्चों ने देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों से उच्च शिक्षा पूर्ण कर परिवार का नाम रोशन किया।
दिनेश कौशल के सुपुत्र क्षितिज कौशल ने देश के अग्रणी तकनीकी संस्थानों में शामिल आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग की अंतिम वर्ष की पढ़ाई सफलतापूर्वक पूर्ण कर नई उपलब्धि हासिल की है। वहीं उनकी सुपुत्री डॉ. श्रुति कौशल ने लखनऊ से एमबीबीएस की अंतिम परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है और वर्तमान में अपनी अनिवार्य इंटर्नशिप कर रही हैं।
दोनों बच्चों की यह सफलता उनके अथक परिश्रम, समर्पण और उत्कृष्ट प्रतिभा का परिणाम मानी जा रही है। साथ ही यह उनके माता-पिता द्वारा दिए गए संस्कार, मार्गदर्शन और परिवार के वरिष्ठ सदस्यों के सहयोग का भी प्रतिफल है।
इस उपलब्धि से न केवल कौशल परिवार, बल्कि उनके गृह जिले छतरपुर का भी गौरव बढ़ा है। परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दिनेश कौशल, उनकी पत्नी अनुराधा कौशल एवं पूरे परिवार को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
सभी ने इंजीनियर क्षितिज कौशल और डॉ. श्रुति कौशल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि दोनों अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर समाज और राष्ट्र की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।











