
90 लाख के मुक्तिधाम जीर्णोद्धार में भ्रष्टाचार का आरोप, आम आदमी पार्टी ने उठाए गंभीर सवाल
विट्ठलनगर वार्ड के मुक्तिधाम में बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर लक्ष्मीकांत राज का हमला, टीन शेड, बाउंड्रीवाल और पहुंच मार्ग की गुणवत्ता पर सवाल
सागर। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 16 स्थित विट्ठलनगर मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार कार्य में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आए हैं। आम आदमी पार्टी के नेता लक्ष्मीकांत राज ने आरोप लगाया है कि कायाकल्प योजना के तहत मुक्तिधाम के विकास के लिए 90 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद आज तक कार्य अधूरा और गुणवत्ता विहीन बना हुआ है।
लक्ष्मीकांत राज ने कहा कि मुक्तिधाम में आने वाले लोगों के लिए बैठने तक की समुचित व्यवस्था नहीं है। टीन शेड क्षतिग्रस्त हैं, पहुंच मार्ग की हालत खराब है और बाउंड्रीवाल भी जर्जर स्थिति में है। उनका आरोप है कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नगर निगम अधिकारियों की लापरवाही के कारण योजना का उद्देश्य पूरा नहीं हो सका।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि टीन शेड के लिए बनाए जा रहे स्टील स्ट्रक्चर की बीम झूलने लगी थी। इसे तकनीकी रूप से ठीक करने के बजाय संबंधित ठेकेदार ने बीच में ईंटों के दो स्तंभ खड़े कर दिए, जो निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
आम आदमी पार्टी ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
(नोट: यह समाचार आम आदमी पार्टी नेता लक्ष्मीकांत राज द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। नगर निगम या संबंधित पक्ष का आधिकारिक पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)











