नरयावली विधानसभा के दो विद्यालयों को मिली अत्याधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाओं की सौगात

नरयावली विधानसभा के दो विद्यालयों को मिली अत्याधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाओं की सौगात
(पथरिया हाट एवं कर्रापुर विद्यालयों में 48-48 लाख रुपये की लागत से बनेंगी फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी लैब)

सागर/04.07.2026; नरयावली विधानसभा क्षेत्र में शैक्षणिक अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है। नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया के सतत् प्रयासों से विधानसभा क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पथरिया हाट एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कर्रापुर के लिए 48-48 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक फिजिक्स, केमिस्ट्री एवं बायोलॉजी (पीसीबी) प्रयोगशाला भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है।

यह स्वीकृति स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी की गई है। दोनों प्रयोगशाला भवनों का निर्माण ग्रामीण यांत्रिकी विभाग (आरईएस) के माध्यम से कराया जाएगा। इन प्रयोगशालाओं के निर्माण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को विज्ञान विषयों का अध्ययन आधुनिक संसाधनों एवं व्यावहारिक सुविधाओं के साथ करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को नई गति मिलेगी।

विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने कहा कि नरयावली विधानसभा के विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाओं के निर्माण से ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों को भी शहरों के समान शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा विज्ञान शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।

इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए विधायक लारिया ने मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को निरंतर प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि नरयावली विधानसभा के विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं और आगे भी शिक्षा सहित सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave a Comment

Read More