
कंट्रोल रूम एवं गोपालगंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई से डेढ़-दो माह की मासूम बच्ची की बची जान
भोपाल राज्य स्तरीय डायल-112 से मिली सूचना पर मिनटों में पहुंची पुलिस, गंभीर स्थिति में मिली बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर कराया उपचार
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जिले में संचालित डायल-112 सेवा ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्यप्रणाली का परिचय देते हुए एक मासूम बच्ची का जीवन सुरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दिनांक 05 जुलाई 2026 को लगभग दोपहर 12:00 बजे भोपाल स्थित राज्य स्तरीय डायल-112 कंट्रोल रूम पर कॉलर श्री सुधीर जैन द्वारा सूचना दी गई कि डिग्री कॉलेज के पीछे एक महिला अपनी लगभग दो माह की बच्ची को छोड़कर जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम द्वारा तत्काल यह सूचना सागर पुलिस कंट्रोल रूम को प्रेषित की गई।
सागर पुलिस कंट्रोल रूम ने बिना विलंब किए तत्काल थाना प्रभारी गोपालगंज श्री घनश्याम शर्मा को घटना की जानकारी देकर आवश्यक कार्रवाई हेतु अलर्ट किया। थाना प्रभारी श्री शर्मा ने तत्काल संवेदनशीलता एवं तत्परता का परिचय देते हुए चीता मोबाइल पर तैनात आरक्षक सत्यप्रकाश एवं महिला प्रधान आरक्षक गायत्री को घटनास्थल के लिए रवाना किया। साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम द्वारा निकटतम डायल-112 एफआरवी-04 को भी इवेंट जारी किया गया, जिसमें तैनात आरक्षक बिहारीलाल तत्काल मौके पर पहुंचे।
पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर महिला एवं लगभग दो माह की मासूम बच्ची को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। बच्ची की स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए पुलिस ने बिना किसी विलंब के दोनों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी), सागर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा बच्ची का तत्काल उपचार प्रारंभ कराया गया। समय पर पुलिस की सक्रियता एवं चिकित्सकीय सहायता मिलने से बच्ची को सुरक्षित उपचार उपलब्ध कराया जा सका।
उपचार के साथ साथ अस्पताल में महिला से पूछताछ की जाकर प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी
इस संपूर्ण कार्रवाई में राज्य स्तरीय डायल-112 कंट्रोल रूम, सागर पुलिस कंट्रोल रूम, थाना गोपालगंज पुलिस, चीता मोबाइल एवं डायल-112 एफआरवी-04 के बीच उत्कृष्ट समन्वय, त्वरित रिस्पॉन्स एवं मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देखने को मिला, जिसके परिणामस्वरूप एक मासूम बच्ची को समय रहते सुरक्षित उपचार उपलब्ध कराया जा सका।
वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सराहनीय कार्य के लिए थाना प्रभारी श्री घनश्याम शर्मा, महिला प्रधान आरक्षक गायत्री, आरक्षक सत्यप्रकाश, आरक्षक बिहारीलाल, डायल-112 एवं पुलिस कंट्रोल रूम के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तत्परता, संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की गई है











