
सेफ क्लिक अभियान-2026 : दिवस-11 पर सरकारी कार्यालयों में साइबर हाइजीन एवं डेटा सुरक्षा पर विशेष कार्यशालाओं का आयोजन
सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक, संवेदनशील शासकीय डाटा की सुरक्षा के लिए दिए व्यवहारिक सुझाव
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “सेफ क्लिक अभियान-2026” के अंतर्गत दिवस-11 पर जिला सागर में विभिन्न शासकीय कार्यालयों में “साइबर हाइजीन एवं डेटा सुरक्षा” विषय पर विशेष जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य शासकीय कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा सरकारी डाटा एवं डिजिटल सेवाओं को साइबर खतरों से सुरक्षित रखने के संबंध में व्यवहारिक जानकारी प्रदान करना रहा।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में आयोजित इन कार्यशालाओं में जिला पंचायत, नगर निकाय, न्यायालय सहित विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा के महत्व, सरकारी अभिलेखों एवं संवेदनशील डाटा की सुरक्षा तथा सुरक्षित डिजिटल कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यशाला के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बताया गया कि मजबूत पासवर्ड का उपयोग करें तथा समय-समय पर उसे परिवर्तित करें, सभी शासकीय लॉगिन पर टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) का उपयोग करें, संदिग्ध ई-मेल, लिंक एवं अटैचमेंट खोलने से बचें तथा फिशिंग जैसे साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें। इसके साथ ही सार्वजनिक अथवा असुरक्षित वाई-फाई नेटवर्क का उपयोग शासकीय कार्यों के लिए नहीं करने, कार्य पूर्ण होने पर कंप्यूटर लॉक करने तथा “क्लीन डेस्क पॉलिसी” अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान महत्वपूर्ण शासकीय फाइलों का नियमित बैकअप लेने, संवेदनशील एवं सामान्य डाटा का पृथक वर्गीकरण करने, बिना स्कैन किए किसी भी पेन ड्राइव अथवा बाहरी डिवाइस का उपयोग न करने तथा ऑपरेटिंग सिस्टम एवं एंटीवायरस को नियमित रूप से अपडेट रखने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साइबर अपराधों की नवीनतम प्रवृत्तियों, डिजिटल फ्रॉड से बचाव के उपाय तथा किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।
सागर पुलिस द्वारा संचालित यह अभियान आमजन के साथ-साथ शासकीय संस्थानों में भी सुरक्षित डिजिटल वातावरण विकसित करने की दिशा में प्रभावी प्रयास है। अभियान के माध्यम से सरकारी कार्यालयों में साइबर सुरक्षा संस्कृति को मजबूत बनाने तथा संवेदनशील डाटा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।
सागर पुलिस की अपील:
“सुरक्षित क्लिक करें, सतर्क रहें और किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 पर कॉल करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।”











