
पुलिस का बड़ा खुलासा: तीन अनाज चोरी की वारदातें सुलझीं, दो आरोपी गिरफ्तार, लाखों का माल बरामद
सागर।
जिले के देवरी थाना पुलिस ने क्षेत्र में हुई तीन अलग-अलग अनाज चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये मूल्य का चोरी गया चना, मूंग और अन्य अनाज बरामद किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद उपजेल रहली भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन एवं एसडीओपी देवरी प्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना देवरी पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और अन्य सुरागों के आधार पर लगातार जांच की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पहली घटना 25 जनवरी 2026 को ग्राम छीर स्थित एक गोदाम से 35 बोरी चना चोरी की थी, जिसकी कीमत करीब 98 हजार रुपये थी। दूसरी घटना 4 जुलाई 2026 को टिकरिया तिगड्डा स्थित गल्ला दुकान में हुई, जहां चोर छत के रास्ते अंदर घुसकर 7 बोरी मूंग, 2 बोरी चना और मसूर की पोटली सहित लगभग 35 हजार रुपये का अनाज चोरी कर ले गए। तीसरी घटना 29 जून 2026 को तिलक वार्ड स्थित एक मकान में हुई, जहां 13 बोरी मूंग चोरी कर ली गई, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपये आंकी गई।
पुलिस ने इस मामले में पुंडे उर्फ अंकित पटैल और शादिब खान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने तीनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी गया अनाज एवं अन्य संबंधित माल बरामद कर जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में उपजेल रहली भेज दिया गया।











