रहली पुलिस ने 4 घंटे में खोज निकाला गुम हुआ 3 वर्षीय मासूम, सकुशल परिजनों को सौंपा

रहली पुलिस ने 4 घंटे में खोज निकाला गुम हुआ 3 वर्षीय मासूम, सकुशल परिजनों को सौंपा

सागर। रहली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए गुम हुए 3 वर्षीय मासूम बालक को महज चार घंटे के भीतर सकुशल खोजकर उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की इस तत्परता से परिजनों ने राहत की सांस ली और पूरी टीम का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार 6 जुलाई को वार्ड क्रमांक-3, खमरिया निवासी 28 वर्षीय व्यक्ति ने थाना रहली में शिकायत दर्ज कराई कि उसका 3 वर्ष 4 माह का पुत्र मोक्ष पटैल दोपहर करीब 1 बजे घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गया। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद आशंका जताई गई कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
शिकायत मिलते ही रहली थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस रहली प्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस ने संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चलाया और तकनीकी एवं स्थानीय सूचनाओं के आधार पर लगातार तलाश जारी रखी।
पुलिस की मुस्तैदी रंग लाई और मात्र चार घंटे के भीतर मासूम मोक्ष पटैल को सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चे के सुरक्षित मिलने पर परिवार ने राहत व्यक्त करते हुए पुलिस टीम का धन्यवाद किया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सुनील शर्मा, आरक्षक दिलीप दुबे, राहुल पटैल और सुनील दुबे की सराहनीय भूमिका रही। सागर पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा के लिए वह हर परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Comment

Read More