
विश्वविद्यालय : संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने किया कीर्तिमान स्थापित
सागर | डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने मध्यप्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (वर्ग-2 और वर्ग-3) में अपनी सफलता का परचम लहराया है। विभाग के होनहार छात्र-छात्राओं ने शासकीय विद्यालयों में शिक्षक के रूप में अपनी जॉइनिंग सुनिश्चित की है। गुरुओं के मार्गदर्शन और शिष्यों की कड़ी साधना के इस मिलन से पूरे विश्वविद्यालय परिसर और संगीत विभाग में उत्सव जैसा माहौल है। गुरुओं की सही राह और शिष्यों की कड़ी साधना रंग लाई। संगीत विभाग के प्राध्यापकों के कुशल मार्गदर्शन में विद्यार्थियों की मेहनत ने वर्ग-2 और वर्ग-3 की परीक्षा को पार किया है। इस बड़ी उपलब्धि पर संगीत विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार अहिरवार, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. अवधेश प्रताप सिंह तोमर, डॉ. राहुल स्वर्णकार एवं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वाय. एस ठाकुर सहित अन्य प्राध्यापकों ने सभी नवनियुक्त शिक्षकों को बधाई दी।
प्राध्यापकों ने कहा कि संगीत जैसे कलात्मक विषय में समर्पण के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षा के स्तर की तैयारी करना बड़ी चुनौती थी, जिसे इन होनहारों ने सच कर दिखाया। मध्य प्रदेश राज्य स्कूल सेवा के माध्यमिक शिक्षक पद पर कु. दीप्ति तिवारी, श्री दुष्यंत सिलावट, कु. निष्ठा शर्मा, श्री आशीष मेहरा, भूपेंद्र कुमार चौधरी, मनीष सोनी, कु. अदिति नामदेव, श्री वरुण व्यास, कु. दीक्षा सेन, अपूर्वा भदौरिया, भगीरथ लडिया, कमलेश रैकवार, अभिलाष जैन, गौरव सोनी, एवं शोध छात्रा श्रीमती कल्याणी राय एवं कु. अनुकृति रावत, तबला विषय से आकाश जैन, गगन राज शोधार्थी, लोकेंद्र सिंह दांगी शामिल हैं। इनके अलावा भी विभिन्न संभागों में विद्यार्थियों के नाम शामिल हैं।











