सेफ क्लिक 2.0′ अभियान का भव्य समापन: 15 दिन में साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचा जिलेभर, बंडा में 300 विद्यार्थियों की जागरूकता रैली

‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान का भव्य समापन: 15 दिन में साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचा जिलेभर, बंडा में 300 विद्यार्थियों की जागरूकता रैली
सागर। मध्यप्रदेश पुलिस के राज्यव्यापी “सेफ क्लिक 2.0” साइबर जागरूकता अभियान का बुधवार को सागर जिले में भव्य समापन हुआ। 24 जून से 8 जुलाई तक चले 15 दिवसीय अभियान के दौरान हजारों विद्यार्थियों, महिलाओं, व्यापारियों, किसानों, वरिष्ठ नागरिकों और शासकीय कर्मचारियों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक किया गया। जिला स्तरीय समापन समारोह पुलिस अनुभाग बंडा के शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित हुआ।
समारोह से पहले 300 से अधिक छात्र-छात्राओं ने नगर में साइबर सुरक्षा जागरूकता रैली निकालकर “सोचें… समझें… फिर क्लिक करें”, “OTP किसी से साझा न करें” और “सजग नागरिक–सुरक्षित समाज” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया (आईपीएस) ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने, OTP और पासवर्ड किसी से साझा न करने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने सभी को साइबर सुरक्षा की शपथ भी दिलाई।
समारोह में साइबर सुरक्षा प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें डिजिटल अरेस्ट, UPI फ्रॉड, फर्जी कॉल, बैंकिंग धोखाधड़ी, सोशल मीडिया हैकिंग, लोन ऐप फ्रॉड और ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए गए। साथ ही पोस्टर, स्लोगन, निबंध, चित्रकला, भाषण, वाद-विवाद, कविता, नुक्कड़ नाटक और अन्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जयवीर सिंह भदौरिया ने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी ने नागरिकों से संदिग्ध कॉल, लिंक और ऑनलाइन लेन-देन से सतर्क रहने तथा किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
अभियान के दौरान जिले के सभी पुलिस अनुभागों और थाना क्षेत्रों में स्कूल, कॉलेज, बाजार, ग्राम पंचायत, धार्मिक स्थल और शासकीय कार्यालयों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का समापन सामूहिक साइबर सुरक्षा शपथ और “सोचें… समझें… फिर क्लिक करें” के संदेश के साथ हुआ।

Leave a Comment

Read More