हरित सागर के संकल्प को जनसहभागिता से मिलेगा बल : विधायक शैलेन्द्र जैन

हरित सागर के संकल्प को जनसहभागिता से मिलेगा बल : विधायक शैलेन्द्र जैन

विट्ठल नगर वार्ड में किया पौधरोपण, “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़ने का किया आह्वान

सागर। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित सागर के संकल्प को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से मंगलवार को विट्ठल नगर वार्ड में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान ने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बना दिया है। प्रकृति का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित एवं प्रदूषणमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी का दायित्व है।

उन्होंने नागरिकों से अपने जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ तथा अन्य विशेष अवसरों पर पौधरोपण करने और लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया। विधायक ने कहा कि जनसहभागिता से ही हरित सागर का संकल्प साकार होगा और सागर शहर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरक उदाहरण बनेगा।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित सागर के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।

Leave a Comment

Read More