
विकास की श्रृंखला में जुड़ा नया अध्याय :मकरोनिया–बटालियन–संत रविदास स्मारक मार्ग का शुभारंभ
(विधायक इंजी. प्रदीप लारिया के प्रयासों से क्षेत्र को मिली 4.86 करोड़ की सौगात)
सागर, 10 जुलाई 2026। नरयावली विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की सतत श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए शुक्रवार को मकरोनिया चौराहा से बटालियन तथा बटालियन से संत रविदास स्मारक पहुंच मार्ग का विधिवत शुभारंभ किया गया। लगभग 2.70 किलोमीटर लंबाई का यह मार्ग 486.13 लाख रुपये की लागत से निर्मित हुआ है। लंबे समय से क्षेत्रवासियों की आवश्यकता रहे इस महत्वपूर्ण मार्ग के निर्माण एवं शुभारंभ को नरयावली विधानसभा के विकास का एक नया अध्याय माना जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सागर सांसद डॉ. लता वानखेड़े रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने की।
इस अवसर पर विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि विकास केवल सड़क, भवन और पुलों का निर्माण नहीं, बल्कि जनजीवन को सरल, सुरक्षित और समृद्ध बनाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि मकरोनिया से बटालियन एवं संत रविदास स्मारक तक निर्मित यह मार्ग हजारों नागरिकों के लिए आवागमन का सशक्त आधार बनेगा। इससे नरवानी, गुड़ा, बड़तूमा, डुंगासरा, लिधोराहाट, पिपरिया करकट, पामाखेड़ी सहित झांसी–नरसिंहपुर तथा दमोह–जबलपुर मार्ग तक सीधी और सुगम पहुंच उपलब्ध होगी, जिससे क्षेत्र की सामाजिक, शैक्षणिक, कृषि एवं व्यावसायिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
विधायक लारिया ने कहा कि नरयावली विधानसभा में विकास केवल घोषणा तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक स्वीकृत कार्य धरातल पर उतर रहा है। सड़क, शिक्षा, सिंचाई, स्वास्थ्य, पेयजल एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में लगातार कार्य कर विधानसभा को विकास की नई पहचान दिलाने का संकल्प पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है और उसी विश्वास के बल पर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का अभियान निरंतर जारी रहेगा। विधायक श्री लारिया ने आगे कहा कि यह मार्ग दूसरे चरण में बटालियन से होते हुए नरवानी तक जाएगा।
मुख्य अतिथि सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि किसी भी निर्माण कार्य का महत्व केवल भूमिपूजन या लोकार्पण तक सीमित नहीं होता, बल्कि उसके पीछे जनसेवा और जनकल्याण का गहरा मर्म निहित होता है। उन्होंने कहा कि जब कोई सड़क बनती है तो वह केवल दो स्थानों को नहीं जोड़ती, बल्कि लोगों के सपनों, अवसरों और विकास की संभावनाओं को जोड़ती है। उन्होंने क्षेत्र में निरंतर हो रहे विकास कार्यों के लिए विधायक इंजी. प्रदीप लारिया के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधियों के सतत प्रयासों से ही विकास की योजनाएं समयबद्ध रूप से धरातल पर साकार होती हैं।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मिहिलाल, मंडल अध्यक्ष अंकित तिवारी, जिला मंत्री जयंती मौर्य, अजा मोर्चा जिलाध्यक्ष मधुकर जाटव, मंडल अध्यक्ष अशोक सिंह, अरविंद घोसी, जिला पंचायत सदस्य शारदा खटीक, श्याम सुंदर मिश्रा, पार्षदगण, एल्डरमैन, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
नरयावली विधानसभा में बीते समय में स्वीकृत एवं पूर्ण हो रहे सड़क, शैक्षणिक, सिंचाई, खेल एवं अन्य आधारभूत विकास कार्य यह स्पष्ट करते हैं कि विधानसभा विकास के एक नए दौर से गुजर रही है। मकरोनिया–बटालियन–संत रविदास स्मारक मार्ग का शुभारंभ इसी विकास यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो आने वाले वर्षों में क्षेत्र की प्रगति और नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा।











