विवि: पत्रकारिता विभाग के छात्रों द्वारा निर्मित मोबाइल शॉर्ट फिल्म ‘सच की कीमत’ को ब्रॉन्ज़ रैंक

विवि: पत्रकारिता विभाग के छात्रों द्वारा निर्मित मोबाइल शॉर्ट फिल्म ‘सच की कीमत’ को ब्रॉन्ज़ रैंक

सागर। डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विद्यार्थियों द्वारा मोबाइल फोन से निर्मित लघु फिल्म ‘सच की कीमत’ को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित ‘टॉकिंग फिल्म्स ऑनलाइन (TFO)’ की 6वीं एनुअल स्मार्टफोन शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज़ रैंक प्राप्त हुई है। प्रतियोगिता के परिणाम 27 जून 2026 को ऑनलाइन घोषित किए गए। विजेता टीम को ब्रॉन्ज़ रैंक के साथ ऑनलाइन प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया गया।

‘टॉकिंग फिल्म्स ऑनलाइन’ (TFO) शिक्षकों, विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं एवं सिनेमा प्रेमियों का एक ऑनलाइन समूह है, जिसकी स्थापना जून 2020 में महामारी एवं लॉकडाउन के दौरान सिनेमा पर सार्थक संवाद और लेखन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई थी। इस मंच की सह-संस्थापक गीता विश्वनाथ एवं निखिला एच. हैं। संस्था प्रतिवर्ष स्मार्टफोन फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन करती है।

‘सच की कीमत’ फिल्म अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता (Freedom of Speech and Expression) जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषय पर आधारित है। सीमित संसाधनों में केवल मोबाइल फोन के माध्यम से तैयार की गई इस फिल्म ने अपनी प्रभावशाली कहानी और प्रस्तुति के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई।

फिल्म के मुख्य कलाकार धर्मेंद्र लोधी, राधा लोधी, मोहम्मद ज़ैद, मोहम्मद जुबेर एवं रितेश कुशवाहा रहे। अन्य सहयोगी कलाकारों में श्रेया, अनीश, आराध्य, साक्षी, सक्षम एवं निहारिका शामिल रहे। फिल्म की कहानी आशुतोष क्षत्रि एवं राधा लोधी ने लिखी, संगीत आशुतोष क्षत्रि ने दिया तथा निर्देशन भी आशुतोष क्षत्रि ने किया।

फिल्म निर्माण में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। पूरी टीम को डॉ. विवेक कुमार जायसवाल (सहायक प्राध्यापक) एवं डॉ. अलीम अहमद खान (सहायक प्राध्यापक) का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। विभाग के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय एवं विभाग में हर्ष का वातावरण है।

Leave a Comment

Read More