
दतिया उपचुनाव में दिखी लोकतंत्र की खूबसूरत तस्वीर, जीतू पटवारी ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को मंच पर बुलाकर लगाया गले
दतिया। विधानसभा उपचुनाव के बीच जहां राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, वहीं दतिया से लोकतंत्र की एक खूबसूरत तस्वीर सामने आई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी का काफिला वहां से गुजरा।
जीतू पटवारी ने आशुतोष तिवारी को रुकने का आग्रह किया। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी मंच के पास पहुंचे। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से एक-दूसरे का अभिवादन किया और गले मिलकर कुछ देर बातचीत की। चुनावी माहौल के बीच सामने आई यह तस्वीर वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई।
इस मुलाकात का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही हैं। राजनीतिक गलियारों में इसे चुनावी प्रतिद्वंद्विता के बीच आपसी सम्मान और सौहार्द की मिसाल के तौर पर देखा जा रहा है।
इससे पहले भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत अन्य नेताओं के साथ ट्रेन में चाय पर चर्चा की तस्वीरें सुर्खियों में रह चुकी हैं। अब दतिया से सामने आई यह तस्वीर भी राजनीतिक मतभेदों के बीच संवाद और लोकतांत्रिक मर्यादा का अलग संदेश दे रही है।
हालांकि कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दल उपचुनाव में अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में पूरी ताकत झोंक रहे हैं, लेकिन जीतू पटवारी और आशुतोष तिवारी की यह मुलाकात यह संदेश जरूर देती है कि राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के बीच व्यक्तिगत संबंधों और आपसी सम्मान के लिए भी जगह बनी रह सकती है।











