
नशे से दूरी है जरूरी 2.0 : सागर पुलिस का जनजागरण अभियान तेज, स्कूलों से लेकर हॉटस्पॉट तक पहुंची जागरूकता की अलख
सागर। नशे के खिलाफ सागर पुलिस का जनजागरण अभियान “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” पूरे जिले में प्रभावी रूप से जारी है। अभियान के चौथे दिन 18 जुलाई को पुलिस टीमों ने स्कूलों, महाविद्यालयों, झुग्गी-बस्तियों और चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई।
जैन हाई स्कूल में 800 विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ
थाना गोपालगंज क्षेत्र के जैन हाई स्कूल में आयोजित विशेष जागरूकता कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप, थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा और विद्यालय प्राचार्य पवन जैन मौजूद रहे। कार्यक्रम में करीब 800 विद्यार्थियों और शिक्षकगण ने सहभागिता की।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें नशे से दूर रहने, शिक्षा, खेल, अनुशासन और सकारात्मक सोच को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई।
हॉटस्पॉट और बस्तियों में भी पहुंची पुलिस
अभियान के तहत पुलिस टीमों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चिन्हित हॉटस्पॉट और झुग्गी-झोपड़ी बस्तियों में भी जागरूकता कार्यक्रम किए। पुलिस ने नशे की गिरफ्त में आए लोगों और उनके परिजनों से संवाद कर उन्हें नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों की जानकारी दी। साथ ही उपचार और परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया।
सामाजिक न्याय विभाग के सहयोग से जरूरतमंद लोगों को आवश्यक परामर्श और चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में भी समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं।
सागर पुलिस का कहना है कि “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को नशामुक्त, सुरक्षित और जागरूक बनाने की सकारात्मक पहल है। पुलिस ने युवाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों और आमजन से अपील की है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें।











