
अग्रणी महाविद्यालय में प्रवेश का अंतिम मौका: सीएलसी राउंड की तिथि 31 जुलाई तक बढ़ी
जिले में सर्वाधिक प्रवेश का रिकॉर्ड; समय पर दाखिला लेने की अपील
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा ‘प्रवेश मेला 2026-27’ के माध्यम से छात्र-छात्राओं को दिया गया यह अतिरिक्त और सुनहरा मौका
- विद्यार्थियों की सुविधा के लिए कॉलेज में स्थापित की गई विशेष ‘हेल्प डेस्क’; समस्याओं का हो रहा तत्काल निराकरण
सागर/ मप्र शासन के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता के निर्देशन में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सीएलसी (कॉलेज लेवल काउंसलिंग) राउंड के तहत प्रवेश प्रक्रिया 31 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा विशेष अभियान के तहत प्रदेश के सभी महाविद्यालयों में शुरू किए गए ‘प्रवेश मेला 2026-27’ के माध्यम से प्रवेश से वंचित रह गए विद्यार्थियों को अग्रणी कॉलेज के नियमित व जॉब-ओरिएंटेड पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने का यह अतिरिक्त और सुनहरा मौका दिया गया है।
विद्यार्थियों की सुविधा और सहूलियत को ध्यान में रखते हुए प्रवेश प्रभारी डॉ. विनय शर्मा द्वारा परिसर में एक विशेष ‘हेल्प डेस्क’ भी स्थापित की गई है, जिसके माध्यम से प्रवेश लेने आ रहे छात्र-छात्राओं को विषय चयन संबंधी कठिनाइयों और अन्य तकनीकी समस्याओं का तत्काल निराकरण कर आवश्यक मार्गदर्शन व सहयोग दिया जा रहा है।
प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने बताया कि महाविद्यालय में पारंपरिक स्नातक पाठ्यक्रमों के साथ-साथ वर्तमान समय की मांग के अनुरूप कई करियर-ओरिएंटेड कोर्स में भी प्रवेश दिए जा रहे हैं, जिसमें विद्यार्थी प्रबंधन के क्षेत्र में भविष्य बनाने के लिए यूजी बीबीए (BBA), औद्योगिक व प्रयोगशालाओं में रोजगार के लिए इंडस्ट्रियल केमिस्ट्री तथा बैंकिंग व कॉर्पोरेट सेक्टर के लिए विशेष रूप से तैयार बी.कॉम. इन बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज एंड इंश्योरेंस (BFSI) जैसे महत्वपूर्ण रोजगारपरक पाठ्यक्रमों का चयन कर सकते हैं। इन सभी नियमित एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश की यह पूरी प्रक्रिया आगामी 31 जुलाई तक ही संचालित की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि शासकीय कला एवं वाणिज्य अग्रणी महाविद्यालय, सागर में इस वर्ष जिले के सभी महाविद्यालयों में सर्वाधिक प्रवेश हुए हैं, जो संस्था की उत्कृष्ट शैक्षणिक छवि, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और अनुशासित वातावरण का स्पष्ट प्रमाण है। इसी लोकप्रियता को देखते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता एवं प्रवेश प्रभारी डॉ. विनय शर्मा ने संयुक्त रूप से छात्र-छात्राओं व अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना उच्च शिक्षा विभाग के प्रवेश पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन कराकर औपचारिकताएं पूर्ण करें। महाविद्यालय मीडिया प्रभारी डॉ. संदीप सबलोक ने बताया कि विद्यार्थी समय-सीमा के भीतर कॉलेज पहुंचकर हेल्प डेस्क की सहायता से इन पाठ्यक्रमों का लाभ उठाएं और अपनी सीट सुरक्षित करें।











