जैसीनगर पुलिस की बड़ी सफलता : पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर फरार हुए आरोपी को 48 घंटे के भीतर किया गिरफ्तार


थाना जैसीनगर जिला सागर
दिनांक : 19 जुलाई 2026

जैसीनगर पुलिस की बड़ी सफलता : पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर फरार हुए आरोपी को 48 घंटे के भीतर किया गिरफ्तार

हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद, सघन तलाश एवं तकनीकी विवेचना के आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस

सागर। पुलिस अधीक्षक  अनुराग सुजानिया के निर्देशन में जिले में गंभीर अपराधों के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सोलंकी के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राहतगढ़ श्री योगेन्द्र सिंह भदौरिया के नेतृत्व में थाना जैसीनगर पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का मात्र 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

दिनांक 18 जुलाई 2026 को फरियादी कोमल सेन निवासी गेहूरास तिराहा, जैसीनगर ने थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 17 जुलाई 2026 की रात्रि लगभग 11:45 बजे कृषि मंडी गेट, जैसीनगर के पास रहने वाले मनोहर सेन ने अपनी पत्नी रश्मि सेन पर चरित्र शंका एवं आपसी संदेह के चलते धारदार कुल्हाड़ी से गर्दन पर जानलेवा वार कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से जंगल की ओर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की एफआरवी तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल रश्मि सेन को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैसीनगर पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने परीक्षण उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट के आधार पर थाना जैसीनगर में अपराध क्रमांक 192/2026 अंतर्गत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग सुजानिया ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद थाना जैसीनगर पुलिस ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तथा तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश प्रारंभ की।

दिनांक 19 जुलाई 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी मनोहर सेन लाल शर्ट एवं काले रंग की पैंट पहनकर केसली क्षेत्र के वनदेवी जंगल की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना जैसीनगर पुलिस ने तत्काल थाना केसली पुलिस से समन्वय स्थापित किया और संयुक्त रूप से घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार कुल्हाड़ी बरामद की गई। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई उपरांत आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

प्रारंभिक विवेचना में सामने आया कि आरोपी ने अपनी पत्नी पर संदेह के चलते आवेश में आकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले के प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।

सराहनीय भूमिका

इस अंधे हत्याकांड के त्वरित खुलासे एवं आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक जे.पी. ठाकुर, प्रधान आरक्षक सहयोग कुमार, प्रधान आरक्षक जयसिंह कुर्मी, प्रधान आरक्षक हुकुम धुर्वे, प्रधान आरक्षक कमलेश नामदेव, आरक्षक जितेन्द्र रजक, आरक्षक काजी सहित थाना जैसीनगर एवं थाना केसली पुलिस की टीम की सराहनीय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment

Read More