
दिव्यांगजनों के चेहरों पर खिली मुस्कान, जैसीनगर में निशुल्क सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग वितरण शिविर आयोजित
सागर, 20 जुलाई 2026। सुरखी विधानसभा क्षेत्र के जैसीनगर स्थित बड़े महादेव मंदिर परिसर में सामाजिक अधिकारिता एवं दिव्यांगजन कल्याण के उद्देश्य से निशुल्क सहायक उपकरण, कृत्रिम अंग वितरण एवं दिव्यांगजनों के परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम में युवा नेता एवं युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष आकाश सिंह राजपूत विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक मापदंडों की जांच की गई। परीक्षण के बाद पात्र हितग्राहियों को निशुल्क सहायक उपकरण, कृत्रिम अंग एवं अन्य आवश्यक उपकरण वितरित किए गए। लाभार्थियों को उपकरणों के सही उपयोग एवं रखरखाव का प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे वे इनका बेहतर उपयोग कर अपने दैनिक जीवन को अधिक सुगम बना सकें।
इस अवसर पर आकाश सिंह राजपूत ने कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक व्यक्ति तक सेवा और सहायता पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। दिव्यांगजन समाज की अमूल्य शक्ति हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए इस प्रकार के सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
उन्होंने दिव्यांगजनों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और आवश्यक परीक्षण एवं सहयोग के लिए चिकित्सकों से समन्वय किया। साथ ही लाभार्थियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
शिविर में चंदन सिंह, देवी सिंह, धीरज सिंह, रामबाबू सिंह, हरनाम सिंह, साहब सिंह, निरंजन सिंह, पप्पू दुबे, नंदलाल, देवेंद्र, सुरेंद्र सिंह, विक्की जोशी, जगभान सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक, चिकित्सक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक संवेदनशीलता और जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।











