नशे से दूरी है जरूरी 2.0: एडिना फार्मेसी कॉलेज में 650 विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प, SP अनुराग सुजानिया ने दिलाई शपथ

नशे से दूरी है जरूरी 2.0: एडिना फार्मेसी कॉलेज में 650 विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प, SP अनुराग सुजानिया ने दिलाई शपथ
सागर। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत सोमवार को थाना मोतीनगर क्षेत्र स्थित एडिना फार्मेसी कॉलेज में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी और थाना प्रभारी मोतीनगर सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। एसपी अनुराग सुजानिया ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवा नशे से दूर रहेंगे तो समाज और राष्ट्र का भविष्य सुरक्षित रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और कानूनी दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने लगभग 650 छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशा नहीं करेंगे और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे।
इस अवसर पर डॉ. सुनील के. जैन, डायरेक्टर एडिना, डॉ. विवेक जैन, प्राचार्य AIPS, विनीत सोनी, स्टेट जॉइंट डायरेक्टर नेशनल क्राइम इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो सागर सहित महाविद्यालय का शिक्षकीय स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय प्रबंधन ने जिला पुलिस के “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान की सराहना करते हुए इसे समाजहित में महत्वपूर्ण पहल बताया।

Leave a Comment

Read More