रास्ता भटकी महिला को दो मासूम बच्चों सहित ससुराल पहुंचाया, डायल-112 पुलिस बनी सहारा

रास्ता भटकी महिला को दो मासूम बच्चों सहित ससुराल पहुंचाया, डायल-112 पुलिस बनी सहारा
सागर। शाहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम नरवा में रास्ता भटककर अपने दो छोटे बच्चों के साथ परेशान घूम रही 25 वर्षीय महिला को डायल-112 एफआरवी टीम ने संवेदनशीलता और सूझबूझ का परिचय देते हुए सकुशल उसके ससुराल पहुंचाया।
महिला को अपने ससुराल के गांव का नाम याद नहीं था। वह केवल इतना बता पा रही थी कि गांव नरवा के आसपास है और उसके घर के बाहर पानी की टंकी बनी हुई है। सूचना पर एफआरवी-12 के आरक्षक विशाल प्रजापति और पायलट संजय रजक मौके पर पहुंचे।
पुलिस टीम ने महिला से धैर्यपूर्वक बातचीत की और आसपास के गांवों में पानी की टंकियों के पास बने मकानों की तलाश शुरू की। करीब तीन गांवों में तलाश के बाद ग्राम रिछाई में महिला ने पानी की टंकी के पास बने मकान को अपना ससुराल पहचान लिया।
पुलिस ने सत्यापन के बाद महिला और उसके दोनों बच्चों को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बहू और बच्चों को सकुशल देखकर परिजनों ने राहत की सांस ली और डायल-112 पुलिस की संवेदनशीलता एवं मानवीय कार्यशैली की सराहना की।
पुलिस टीम की सूझबूझ और मानवीय संवेदनशीलता से महिला और दोनों मासूम बच्चे सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच सके।

Leave a Comment

Read More